यूपी में तीन दिन ‘आग’ उगलेगा आसमान, पारा 45°C के पार, बांदा बना हॉटस्पॉट

लखनऊ: पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई. कहीं-कहीं बादल गरजने और झोंकेदार हवा भी चलीं. तो वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम ड्राई रहा. वर्तमान में कोई मौसम तंत्र सक्रिय न होने की वजह से उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम ड्राई बना हुआ है. तेज धूप खिलने और आसमान साफ होने के कारण अधिकतम तापमान में तेजी से वृद्धि हुई है. मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर प्रदेश के आइसोलेटेड स्थान पर आने वाले 2-3 दिनों में लू चलने की संभावना जताई है.
ऐसा रहेगा लखनऊ का वेदर: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार को सुबह से ही तेज धूप खिलेगी. दिन में चिलचिलाती गर्मी पड़ने के साथ ही अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

वहीं, शनिवार को सुबह आसमान साफ रहा. दिन में तेज धूप निकली. सीजन में पहली बार पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार हुआ. अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है.

बांदा सबसे गर्म जिला, पारा पहुंचा 44.6 °C: उत्तर प्रदेश में शनिवार को बांदा सबसे अधिक गर्म जिला रहा. जहां पर अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान उरई जिले में 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि आने वाले 7 दिनों तक मौसम ड्राई बना रहेगा. बारिश की संभावना नहीं है. वहीं उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भागों में लू चलने की भी संभावना है. वहीं प्रदेश के आइसोलेटेड स्थान पर भी लू चल सकती है.