11th Nov Header

ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- दलित सम्मेलन में अहिरों का जमावड़ा, फिर भी खाली रहा पंडाल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि आगरा में हुए दलित सम्मेलन में केवल 10 जिलों के अहिरों को बुलाकर अखिलेश यादव को क्या फायदा हुआ। इसके बावजूद पंडाल नहीं भर पाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा को डुबाने में आधा योगदान अखिलेश यादव के कारनामों और आधा उनके ‘मूर्ख लोडरों’ का होगा।

‘प्रोफेसर चच्चा की हूटिंग पर अखिलेश को घेरा’

राजभर ने आरोप लगाया कि दलित सम्मेलन में अखिलेश यादव के सामने ही सपा कार्यकर्ता प्रोफेसर चच्चा (रामगोपाल यादव) की हूटिंग करते रहे और सपा प्रमुख केवल देखते रहे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश को राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाने में उनके अपने समर्थकों का भी बड़ा योगदान रहेगा। बौद्ध वंदना के दौरान सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी कुर्सी पर बैठे रहे। राजभर ने इसे भगवान बुद्ध और दलित समाज का अपमान बताया।

‘सम्मेलन में गैर यादव पिछड़ों और दलितों ने बनाई दूरी’

राजभर ने कहा कि प्रदेश का दलित, गैर यादव पिछड़ा, बहुजन और वनवासी समाज सपा की राजनीतिक मंशा को समझ चुका है। सम्मेलन में टिकट के दावेदारों और उनके समर्थकों को छोड़कर वास्तविक दलित समाज ने इससे दूरी बनाए रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की राजनीति में केवल यादवों को नौकरी, ठेका और पट्टा देने की मंशा है। जबकि मुस्लिम समाज को माफिया, चोर, शूटर और आतंकवादी के रूप में पेश किया जाता है।

‘मुस्लिम सम्मेलन पर भी कसा तंज’

राजभर ने सपा के मुस्लिम सम्मेलनों पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों में फोटो खिंचवाने के लिए यादव समाज के लोग टोपी-लुंगी पहनकर बैठ जाते हैं। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए लिखा कि उनकी नैया डुबाने के लिए उनके ‘लोफर लोडर’ ही काफी हैं।