यूपी में बढ़ेगी गर्मी की मार, 9 से 11 जून तक कई जिलों में हीट वेव का अलर्ट

लखनऊ: पिछले दिनों सक्रिय रहे पश्चिमी विक्षोभ का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है. इसका मतलब साफ है कि प्रदेश भर में तापमान फिर से बढ़ेगा. गर्मी सताएगी, क्योंकि 9 जून से कई क्षेत्रों में हीट वेव का अलर्ट भी जारी किया गया है.

शनिवार को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में लगभग 30MM बारिश रिकॉर्ड की गई. पूर्वी यूपी में 80-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलीं. इससे पहले भी कई जिलों में हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी. अब फिर से आसमान साफ होगा और तेज धूप खिलेगी.

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 9 जून को उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हीट वेव चलने की संभावना है. फिलहाल 2 दिनों तक अधिकतम तापमान में वृद्धि तो होगी लेकिन हीट वेव से प्रदेशवासियों को राहत रहेगी. दिन के समय अधिकतम तापमान में वृद्धि होने के कारण झुलसाने वाली गर्मी फिर से शुरू हो रही है.

मौसम विज्ञान विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में आज के लिए कोई भी मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है. 9 से 11 जून तक प्रदेश के कई इलाकों में हीट वेव चलने की चेतावनी मौसम विभाग द्वारा जारी की गई है.

राजधानी का मौसम: राजधानी लखनऊ में शनिवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा. दिन में तेज धूप निकली. मौसम में आद्रता होने के कारण शनिवार को उमस भरी गर्मी रही, जिसेसे लखनऊवासी चिपचिपी गर्मी से परेशान रहे.

शनिवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है.

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार को लखनऊ में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप खिलेगी. अधिकतम तापमान में शनिवार के मुकाबले दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री सेल्सियस वृद्धि होकर 29 डिग्री सेल्सियस होने की संभावना है.

झांसी सबसे गर्म रहा: शनिवार को उत्तर प्रदेश का झांसी सबसे अधिक गर्म जिला रहा. वहां पर अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य है. वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से भी 4 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश का सिलसिला कुछ दिन के लिए थम गया है. तीन-चार दिनों तक उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा.

अधिकतम तापमान में 2 से लेकर 6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 2 से लेकर 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. दो दिनों बाद उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हीट वेव चलने की भी संभावना है.