UP Heatwave Alert: फिर तपेगा उत्तर प्रदेश, पारा 40 डिग्री के पार, कल से लू का प्रकोप

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे की बात की जाए तो 1-2 जगह पर छुटपुट बूंदाबांदी हुई. अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई, तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है जो कि सामान्य सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस अधिक है. दिन में आसमान साफ होने की वजह से तेज धूप निकल रही है, एक बार फिर से झुलसाने वाली भीषण गर्मी प्रदेश में शुरू हो गई है.

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अभी 3 दिनों के अंदर अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस की और अधिक वृद्धि हो सकती है. न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा. बांदा एक बार फिर से सबसे अधिक गर्म जिला रहा. जहां पर तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पार कर गया. मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार से प्रदेश से कुछ जिलों में हीट वेव चलने की चेतावनी जारी की है.

 

लखनऊ का वेदर: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को तपिश में और वृद्धि होगी, अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की जाएगी. अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

राजधानी लखनऊ में झुलसाने वाली गर्मी का सिलसिला फिर से शुरू हो गया है. अधिकतम तापमान में शुक्रवार के मुकाबले 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई. अधिकतम तापमान 40.01 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है.

झांसी और बांदा सबसे गर्म जिले: रविवार को उत्तर प्रदेश का झांसी और बांदा जिला सबसे गर्म रहा. जहां पर अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में इन दिनों ड्राई हवाएं चल रही हैं. आसमान साफ है, पश्चिमी विक्षोभ का असर न होने के कारण 3 दिनों तक मौसम साफ बना रहेगा. अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की जाएगी. तेज धूप खिलने और तापमान में वृद्धि होने के कारण बुंदेलखंड के कुछ इलाकों में मंगलवार से हीट वेव चल सकती है.