लखनऊ: सावन के पहले सोमवार पर मानसून ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है सुबह से ही लखनऊ, बरेली समेत कई जिलों में बारिश हो रही है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज से मानसून की तीव्रता में वृद्धि होगी. प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में गरज चमक के साथ बादल गरजने और बिजली गिरने की भी संभावना है. आने वाले 3-4 दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा.
वहीं पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश के तराई इलाकों में बादलों की आवाजाही रही. कुछ स्थानों पर भारी और कुछ स्थानों पर बहुत अधिक तेज बारिश हुई. वहीं बरेली जिले में भी मूसलाधार बारिश होने के कारण कई जगहों पर जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो गई.
तेज बारिश का अलर्ट इन जिलों में: देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं एवं आस पास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है.
बादल गरजने-बिजली गिरने का अलर्ट यहां: प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फरुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड, गौतम बुद्ध नगर, बुलन्दशहर, अलीगढ, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं एवं आस पास के क्षेत्र में चेतावनी जारी की गई है.
लखनऊ में शुरू हुई झमाझम बारिश: राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह 5 बजे से ही आसमान में बादल छाए हुए थे, थोड़ी देर बाद तेज रफ्तार बारिश शुरू हुई, जो कि करीब 1 घंटे तक चलती रही. तेज रफ्तार बारिश होने और बादल छाए रहने से सुबह मौसम सुहावना हो गया. अभी भी रिमझिम बारिश जारी है. मौसम विज्ञान विभाग ने लखनऊ में आज दिन में कई बार बारिश होने की चेतावनी जारी की है.
मेरठ में छाए बादल: जिले में सोमवार सुबह से अब तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए हैं. आसमान में बादल छाए हैं. सुबह के समय तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
बांदा सबसे गर्म जिला: रविवार को बांदा सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि मानसूनी प्रवाह सुदृढ़ होने से पूर्वांचल में बादल छाने के साथ ही पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तराई क्षेत्र के सिद्धार्थनगर जनपद में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ बांसी में सर्वाधिक 242.4 मिमी की अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई. आगामी सप्ताह के दौरान मानसूनी द्रोणी के उत्तरोत्तर उत्तरी दिशा में विचरण के परिणामस्वरुप प्रादेशिक मानसूनी सक्रियता में और वृद्धि होने से प्रदेश के अन्य भागों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कहीं-कहीं भारी वर्षा संभावित है.