लखनऊ:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज कैबिनेट बैठक होगी। इसमें तबादला नीति को मंजूरी मिल सकती है, जिसके तहत 31 मई तक तबादले होंगे और तय अवधि पूरी करने वाले कर्मचारी इसके दायरे में आएंगे। बैठक में राज्य कर्मचारियों को 2% डीए बढ़ाने और तारकोल की बढ़ी कीमतों के चलते पुराने टेंडरों में राहत देने पर भी फैसला संभव है।
दोपहर तीन बजे सीएम आवास पर कैबिनेट बैठक होगी। प्रस्ताव के मुताबिक जिले में तीन साल और मंडल में सात साल की नौकरी पूरी करने वाले कर्मचारी तबादले की जद में आएंगे। वहीं, आकांक्षी जिलों में कोई भी पद रिक्त न रखने की व्यवस्था जारी रहेगी।
वहीं, पश्चिम एशिया के हालात की वजह से बढ़े तारकोल के दामों की वजह से यूपी में सड़कों के निर्माण की रफ्तार सुस्त हुई है। पुराने टेंडरों के मामले में तारकोल की कीमतों में आए उछाल को समायोजित करने पर भी कैबिनेट की बैठक में विचार होगा ताकि सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया को फिर शुरू किया जा सके। सूत्रों के मुताबिक डीए की बढ़ी दरों का लाभ कर्मचारियों को जनवरी से दिया जाएगा।