प्रयागराज: राष्ट्रीय खेल दिवस और ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे (NCR) में खेल प्रतिभाओं का भव्य सम्मान किया गया. शनिवार को रेलगाँव स्टेडियम और स्पंदन अधिकारी क्लब में आयोजित इस समारोह में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने पिछले एक वर्ष में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को सम्मानित किया.
इसके साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ, जिसमें अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई.
क्रॉस कंट्री दौड़ के साथ खेल प्रतियोगिताओं का आगाज: इसके बाद महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने 4 किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ को हरी झंडी दिखाकर दिनभर चलने वाली खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया. समारोह को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन हम सभी के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत है. हमारे खिलाड़ियों ने अपनी लगन और मेहनत से रेलवे का मान बढ़ाया है. उम्मीद है कि यह सम्मान प्रत्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से जुड़े अन्य सभी कर्मचारियों व युवा खिलाड़ियों को भी भविष्य में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा.
इन्हें मिला उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मान:
- हॉकी: रोहित, उपासना सिंह, करिश्मा यादव
- क्रिकेट: भावना गोपलानी, परना पॉल
- जिम्नास्टिक: आदित्य सिंह राणा, सिद्धार्थ वर्मा
- भारोत्तोलन और पावरलिफ्टिंग: कोमल कोहार (भारोत्तोलन), संदीप सिंह (पावरलिफ्टिंग)
- एथलेटिक्स व कोचिंग: भूपेंद्र सिंह (एथलीट), रागनी गौड़ (कोच)
प्रतियोगिताओं के प्रमुख परिणाम:
क्रॉस कंट्री दौड़
- 20 वर्ष से कम: हार्दिक तिवारी (प्रथम), अर्षित जायसवाल (द्वितीय), यशराज (तृतीय)
- 20 से 50 वर्ष: वाशिष्ठ कुमार (प्रथम), मो. हुसैन (द्वितीय), राजेश कुमार (तृतीय)
- 50 वर्ष से अधिक: डॉ. अमित मालवीय (प्रथम), रविन्द्र प्रसाद (द्वितीय), आर. एस. वी. सिंह (तृतीय)
गोला फेंक (शॉट पुट)
- कर्मचारी वर्ग: दिनेश राय (प्रथम), दानिश अली (द्वितीय), प्रवीण दुबे (तृतीय)
- अधिकारी वर्ग: अखिल शुक्ला (सचिव, महाप्रबंधक) ने प्रथम स्थान पाया, जबकि एसपी. द्विवेदी (PMM) व मुदित चंद्रा (PCPO) संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे.
100 मीटर दौड़:
- बच्चे: दिव्यांश राय (प्रथम), विहान सिंह (द्वितीय), हार्दिक तिवारी (तृतीय)
- ओपन वर्ग: भारत (प्रथम), प्रवीण दुबे (द्वितीय), मो. नासिर (तृतीय)
रस्साकशी:
- विजेता: वाणिज्य (कमर्शियल) विभाग
- उपविजेता: रेलवे सुरक्षा बल (RPF)
उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद: कार्यक्रम में NCR खेल संघ के अध्यक्ष एस. पी. द्विवेदी ने संघ की खेल गतिविधियों और उपलब्धियों का ब्योरा रखा. मंच का संचालन संयुक्त सचिव डॉ. अमित मालवीय ने किया तथा महासचिव गौतम जैन ने धन्यवाद ज्ञापन दिया. इस अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के सभी प्रमुख विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे.