लखनऊ : रांची में आयोजित 16वीं महिला सब-जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में लखनऊ की माउंट कॉर्मेल कॉलेज, महानगर की खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए यूपी का नाम रोशन किया है. टीम ने ओडिशा के खिलाफ खेले गए मुकाबले में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए उसे 6-0 के बड़े अंतर से हरा दिया. इस जीत के साथ टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है.
10 से 12 सितंबर तक रांची में हुई प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने कुल पांच रोमांचक मुकाबले खेले. कम उम्र की इन खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपना खेल दिखाया. ओडिशा के खिलाफ मुकाबले में टीम का दबदबा शुरुआत से ही नजर आया. खिलाड़ियों ने एक के बाद एक गोल कर विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा और अंत में मुकाबला 6-0 से अपने नाम किया.
टीम की इस कामयाबी में कई खिलाड़ियों ने गोल कर अहम योगदान दिया. तान्या त्रिवेदी, अद्विका त्रिवेदी, संस्कृति श्रीवास्तव और शिवी टम्टा ने टीम के लिए गोल किए. इन खिलाड़ियों के बेहतर तालमेल और मैदान पर आक्रामक खेल की बदौलत यूपी की टीम सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रही. टीम का मार्गदर्शन कोच मिस चांद खान ने किया. पांच मुकाबलों के सफर में टीम ने अबतक शानदार प्रदर्शन किया है.
17 खिलाड़ियों ने संभाली यूपी की कमान : उत्तर प्रदेश की अंडर-14 बालिका हॉकी टीम में माउंट कॉर्मेल कॉलेज, महानगर की अर्विका मिश्रा, मरियम खान, मीनाक्षी तिवारी, सिफरा सिद्दीकी, शिवी टम्टा, संस्कृति श्रीवास्तव, अद्विका त्रिवेदी, नायरा साहनी, तान्या त्रिवेदी, नुवैरा उस्मानी, इमामा इमरान खान, जैनब, इफरा खान, अलीजा ऐजाज, आइरा सिद्दीकी, अन्वी मित्तल और विज्ञांती प्रजापति शामिल रहीं. अब इन खिलाड़ियों की नजर प्रतियोगिता के अगले मुकाबले पर है.