लखनऊ : उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने लखनऊ मेट्रो के लिए गो स्मार्ट मेट्रो कार्ड जारी करना बंद कर दिया है. हालांकि जिन कार्डधारकों के पास मेट्रो कार्ड है उन्हें रिचार्ज किया जा सकता है. मेट्रो कार्ड न बन पाने के चलते यात्रियों को अब महंगी यात्रा करनी पड़ेगी. मेट्रो प्रशासन का दावा है कि मेट्रो गो स्मार्ट कार्ड के स्थान पर जल्द ही नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) लाया जाएगा.
बता दें, वर्तमान में लखनऊ मेट्रो से सफर करने के लिए यात्री गो स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं या फिर टोकन का. यात्रा के दौरान जिस यात्री के पास गो स्मार्ट कार्ड होता है उसे टोकन के लिए लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ती. साथ ही किराए में 10% की छूट मिलती है. टोकन से यात्रा महंगी पड़ती है. वर्तमान में नए गो स्मार्ट कार्ड बनाने मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने बंद कर दिए हैं, लेकिन जिन यात्रियों के पास पहले वाले कार्ड हैं उन्हें रिचार्ज करने की सुविधा अभी दी जा रही है, लेकिन यह सुविधा मैक्सिमम छह माह तक ही जारी रहेगी. मेट्रो प्रशासन का दावा है कि एक माह बाद नया नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड जारी होने लगेगा. इसके बाद छह माह में सभी यात्रियों को ये नया कार्ड जारी किया जाएगा.
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन के जॉइंट जनरल मैनेजर पंचानन मिश्रा का कहना है कि अगले माह नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) कार्ड लॉन्च होने जा रहा है. इस दौरान मौजूदा कार्ड चलते रहेंगे, रिचार्ज होते रहेंगे और अगले छह माह के भीतर सभी को नया कार्ड देने का प्रयास होगा. ऐसे में मौजूदा वक्त इस्तेमाल में आ रहा गो स्मार्ट मेट्रो कार्ड को बंद कर दिया जाएगा.
जब लखनऊ मेट्रो चली थी तो नहीं था ये कार्ड : केंद्र सरकार ने वर्ष 2020 से ही नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड की शुरुआत कर दी थी. दिल्ली मेट्रो में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड इस्तेमाल हो रहा है. हालांकि जब लखनऊ मेट्रो शुरू हुई थी तब एनसीएससी का कॉन्सेप्ट नहीं था. यही वजह है कि लखनऊ मेट्रो में एनसीएमसी कार्ड की जगह गो स्मार्ट कार्ड यात्रियों को उपलब्ध कराए गए थे.
कार्ड टच करने के बाद ही खुलता है गेट : अभी कोई भी यात्री मेट्रो स्टेशन पर जाता है तो प्रवेश और निकास के लिए ऑटोमेटिक डोर पर टोकन या फिर कार्ड टच करना पड़ता है. जब ये स्कैन हो जाता है तभी प्रवेश या निकास के लिए रास्ता ओपन होता है. यात्री इसके बाद ही अंदर आ सकते हैं या फिर बाहर जा सकते हैं. इसमें बदलाव के बाद नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड यात्रियों को सौंपा जाएगा.