सीएम योगी का अखिलेश पर तंज, बोले- कांवड़ यात्रा में भगवा पहनने का इंतजार

बस्ती: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बस्ती में 500 करोड़ से अधिक की 70 परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी की सरकार पर जमकर निशाना साधा. मुख्यमंत्री ने विकास, शिक्षा और आस्था के मुद्दों को लेकर विपक्ष को कटघरे में खड़ा किया और अपनी सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा पेश किया.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बस्ती जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर हमला बोला और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं.

पिछले सवा नौ वर्षों में यूपी में नहीं हुआ कोई दंगा: उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब विकास और सुरक्षा का माहौल सर्वोपरि है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले सवा नौ वर्षों में राज्य में कोई दंगा या उपद्रव नहीं हुआ है. पहले दुर्गा पूजा, होली और रामनवमी जैसे त्योहारों पर दंगे होते थे, लेकिन अब पुलिस के डंडे के खौफ से शांति बनी हुई है. सपा सरकार के कार्यकाल को याद दिलाते हुए सीएम ने कहा कि बस्ती के परशुरामपुर में दलितों और गरीबों की बस्तियां जला दी गई थीं, तब उन्हें खुद गोरखपुर से यहाँ आना पड़ा था.

छेड़खानी करने वालों का यमराज करेंगे इंतजार: बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि अब कोई भी ऐसा दुस्साहस नहीं कर सकता. अगर कोई करेगा, तो अगले चौराहे पर यमराज उसका इंतज़ार कर रहे होंगे. सीएम योगी ने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना को पूरा करने के लिए विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित बस्ती का निर्माण जरूरी है. उन्होंने बस्ती में हुए विकास कार्यों जैसे मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, कृषि का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, मखौड़ा धाम, भद्रेश्वर धाम और तपसी धाम का उल्लेख किया.

भगवा बाना पहनने की प्रतीक्षा में अखिलेश: साथ ही उन्होंने बताया कि अब कर्ण मंदिर धाम भी भव्य रूप में सामने आएगा. कांवड़ यात्रा और त्योहारों पर उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में कांवड़ यात्रा, दुर्गा पूजा और कृष्ण जन्माष्टमी मनाने पर रोक लगाई जाती थी. लेकिन आज सरकार कांवड़ भक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा करवाती है. मुख्यमंत्री ने सपा अध्यक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश सिंह यादव इस बार प्रतीक्षा में हैं कि वे भी कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ भक्तों के साथ भगवा बाना पहनकर निकलें.

गोली चलवाने के लिए मांगनी चाहिए माफी: उन्होंने मांग की कि विपक्षी नेताओं को रामभक्तों पर गोली चलवाने, हनुमानगढ़ी के पवित्र धाम की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने के कृत्य और परशुरामपुर के दंगों के लिए समाज से माफी मांगनी चाहिए. सीएम ने संबोधन में कहा कि याद रखना, विकास का कोई विकल्प नहीं होता. स्वयं के विकास से ऊपर उठकर समाज और देश के लिए सोचने वाले जनप्रतिनिधियों को चुनना होगा, तभी विरासत और विकास का बेहतर समन्वय होगा. सीएम योगी ने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव करने जा रही है.

मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय से बदलेगी शिक्षा की सूरत: इसके तहत मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय की शुरुआत की जा रही है, जहाँ एक ही कैंपस में प्री-प्राइमरी से लेकर 12वीं तक की उत्तम शिक्षा दी जाएगी. अटल आवासीय विद्यालय की तर्ज पर बनने वाले इस मॉडल स्कूल के निर्माण पर प्रति विद्यालय 27 से 30 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिसमें वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक फर्नीचर की सुविधा होगी. हरैया में भी इस विद्यालय का भूमि पूजन किया गया है. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा के लोगों का पढ़ाई-लिखाई से कोई सरोकार नहीं था.

पहले बिजली के तारों पर सूखते थे कपड़े: उन्होंने कहा कि वे नकल कराने को अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते थे, जिससे उन्होंने उत्तर प्रदेश के नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया था. पूर्ववर्ती सरकारों पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा कि पहले न तो सड़कें थीं और न ही बिजली. उन्होंने पुरानी स्थिति को याद दिलाते हुए कहा कि बस्ती जिले में लोग बिजली के तारों पर कपड़े सुखाते थे. उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के एजेंडे में विकास कभी था ही नहीं.

500 करोड़ की 70 परियोजनाओं की सौगात: जब जनता भीषण गर्मी और बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसती थी, तब सैफई में मुंबई के फिल्मी कलाकारों को बुलाकर डांस कराया जाता था. उन्हें सैफई के अलावा कहीं विकास दिखता ही नहीं था. अयोध्या राम मंदिर का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारें राम भक्तों पर गोली चलाने वाली और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वाली थीं. उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने और आस्था के केंद्रों को विवादित करने का पाप किया गया.

84-कोसी परिक्रमा मार्ग बन रहा भव्य: मंदिर निर्माण के समय खून की नदियां बहने का डर दिखाया जाता था, लेकिन आज बिना किसी बाधा के भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है. सीएम ने चुटकी लेते हुए कहा कि आज विपक्ष को इस बात की पीड़ा है कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर कैसे बन गया और वहां महर्षि वाल्मीकि के नाम पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण कैसे हो गया. बहनों-बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यूपी में कोई भी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का दुस्साहस नहीं कर सकता. 84-कोसी परिक्रमा मार्ग को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भव्य रूप दिया जा रहा है.