सीएम योगी का विपक्ष पर हमला: जिन्हें राम के नाम से परहेज था, आज वही राम की बात कर रहे

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधान मंडल के मानसून सत्र-2026 से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सत्र हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सत्र है. वैसे भी विधायिका आम जन की आवाज को शासन प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम होती है. गरीब, किसान, युवा और महिला इनसे जुड़े हुए मुद्दों पर चर्चा करने, समीक्षा करने और उसे परिणाम तक पहुंचाने का सबसे अच्छा प्लेटफॉर्म संसदीय प्रणाली में कोई है तो वह विधायिका होती है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज वे लोग राम मंदिर पर बात करते हैं. जिन्होंने राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं. वे लोग राम मंदिर चढ़ावा चोरी की बात करते हैं. जिन्होंने मंदिर के निर्माण में एक पैसा भी नहीं चढ़ाया. ऐसे लोगों को राम मंदिर पर कुछ भी नहीं बोलना चाहिए.

सीएम योगी ने कहा कि हर जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र की समस्या को सदन में रख सकता है और सरकार से उसके समाधान का रास्ता निकलवा सकती है. इस प्लेटफॉर्म का बेहतर उपयोग हो, यह बीजेपी के नेतृत्व में चलने वाली एनडीए सरकार की सदैव से प्राथमिकता रही है. डबल इंजन की सरकार इसके लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य भी कर रही है. सदन के समय का बेहतर उपयोग हो और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी हुई आवाज को सदन के पटल पर रखने और सदन में उसपर चर्चा परिचर्चा कराने का एक अवसर प्राप्त हो सके.

सीएम ने कहा, मैंने कल दलीय नेताओं की बैठक में भी और समय-समय पर भी सभी सदस्यों से इस बारे में आग्रह किया है. वर्तमान में यह महीना हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है. खेती किसानी की दृष्टि से किसानों के लिए, स्कूल कॉलेज में एडमिशन की दृष्टि से छात्रों और युवाओं के लिए और अपनी धार्मिक यात्रा के लिए सावन के मास में निकलने वाला शिवभक्त कांवड़ यात्रियों की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण होता है.

मैं इन सभी समुदायों का, अपने युवा ऊर्जा के प्रतीक छात्रों और युवाओं का जिन्होंने प्रवेश लिया है या जो नए रोजगार के लिए आगे बढ़ रहे हैं, उन सभी प्रतिभाशाली युवाओं का हृदय से अभिनंदन करता हूं. उनके लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करता हूं. अन्नदाता किसान उत्तर प्रदेश का बहुत परिश्रमी है, हमारा अन्नदाता किसान जब दिन रात मेहनत करता है, परिश्रम करता है, तब यूपी की इस धरती से सोना उगलवाने का वो काम करता है.

समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2007 से लेकर 2017 तक उत्तर प्रदेश में कई चीनी मिलें बंद करा दीं. तमाम चीनी मिलें बेच दीं. किसानों का बकाया भुगतान भी नहीं किया. जब उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी तब कई चीनी मिलें खोली गईं. किसानों का बकाया भुगतान किया. फसलों का समर्थन मूल्य हमारी सरकार ने बढ़ाया.