2024 Lok Sabha Elections: उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी और कांग्रेस चुनावी मैदान में उतरने जा रही है। यूपी में कांग्रेस पार्टी 17 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। इन 17 सीटों में दो ऐसी हाई प्रोफ़ाइल सीटें हैं जिनपर सभी की नजरे टिकी हैं। इनमें अमेठी और रायबरेली सीट शामिल हैं। ये दोनों सीटे गांधी परिवार की परंपरागत सीटें हैं और कयास लगाए जा रहे हैं की गांधी परिवार का सदस्य ही इन सीटों पर चुनाव लड़ेगा।
इसी को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व रायबरेली व अमेठी की सीट पर सर्वे करा रहा है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस इन दोनों सीटों से किसी अन्य प्रत्याशी को भी उतार सकती है। हालांकि, दोनों ही सीटों पर गांधी परिवार के सदस्य की ही मांग है।
दोनों लोकसभा की जनता की राय जानने का लगातार प्रयास जारी है। सवाल यह है की दोनों ही सीटें गांधी परिवार का गढ़ कही जाती हैं, फिर भी राहुल और प्रियंका का नाम अभी तक फाइनल क्यों नहीं हुआ है? सूत्रों के मुताबिक, सर्वे में आम जनता से जानने का प्रयास किया जा रहा है की किसी और को उम्मीदवार बनाने पर स्थिति क्या होगी। सर्वे के लिए लोगो के पास फ़ोन किए जा रहे हैं।