31 मई को सीएम योगी देंगे यूपी को दूसरे फ्लैटेड फैक्टरी कॉम्प्लेक्स की सौगात, रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

गोरखपुर:गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में 31 मई को उद्यमिता का नया अध्याय शुरू होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के दूसरे फ्लैटेड फैक्टरी कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। यह कॉम्प्लेक्स 42.50 करोड़ रुपये की लागत से बना है।

यह कॉम्प्लेक्स गीडा के सेक्टर-13 में स्थित है। इसमें प्लग एंड प्ले मॉडल पर 80 एमएसएमई यूनिट्स लग सकेंगी। इससे करीब 1000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। रेडीमेड गारमेंट, आईटी और फार्मा सेक्टर की इकाइयों को प्रोत्साहन प्राप्त होगा।

एलआईजी और ईडब्ल्यूएस के 96 फ्लैट्स का उद्घाटन करेंगे सीएम 
फ्लैटेड फैक्टरी कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण अवसर पर सीएम योगी गीडा सेक्टर-11 में गीडा की इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए बने एलआईजी और ईडब्ल्यूएस के 96 फ्लैट्स वाले आवासीय परिसर का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गीडा में काम करने वालों को कार्यस्थल के आसपास घर उपलब्ध कराने के लिए आर्थिक रूप से दुर्बल आय वर्ग (ईडब्ल्यूएस) एवं अल्प आय वर्ग (एलआईजी) की आवासीय योजना को मूर्त रूप दिया गया है।

गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक के अनुसार सेक्टर-11 ग्राम-कालेसर में आवासीय योजना के अतंर्गत ईडब्ल्यूएस एवं एलआईजी भवनों का निर्माण गीडा ने स्वयं के संसाधनों से कराया है। इस परियोजना की कुल लागत 18 करोड़ 54 लाख रुपये है, जिसमें 11 करोड़ 2 लाख रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई है।

ईडब्ल्यूएस भवन का अनुमानित मूल्य 5,13,000 रुपये एवं एलआईजी भवन का अनुमानित मूल्य 10,53,000 रुपये है। तीन टॉवरों (ग्राउंड फ्लोर प्लस थ्री) के जरिये ईडब्ल्यूएस के 48 और एलआईजी के 48 भवनों का निर्माण कराया गया है। इस आवासीय परिसर के निकट सुविधाजनक व्यवसायिक केंद्र, सामुदायिक केंद्र, पार्क एवं क्रीडास्थल आदि सुविधायें उपलब्ध हैं। ईडब्ल्यूएस एवं एलआईजी भवनों का शत प्रतिशत आवंटन गीडा में क्रियाशील यूनिट्स के श्रमिकों को ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया है।

71 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गीडा की तरफ से विकसित विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों में 71 विकास कार्यों का भी लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें मूलभूत अवस्थापना सुविधाओं जैसे सड़क, नाली, पुलिया,बिजली, वेस्ट मैनेजमेंट, वाटर ट्रीटमेंट, सीवरेज नेटवर्क से संबंधित कार्य शामिल हैं। इन कार्यों पर 207.96 करोड़ रुपये की लागत आ रही है।