गया : म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग 5 दिवसीय दौरे पर भारत आ रहे हैं. शनिवार को (30 मई) म्यांमार के राष्ट्रपति बोधगया पहुंच रहे हैं. बिहार सरकार के द्वारा उनके स्वागत और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी बड़े स्तर पर हो रही है.
बोधगया आ रहे म्यांमार के राष्ट्रपति : दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर म्यांमार यूनियन पब्लिक के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग 30 मई से 3 जून 2026 तक भारत के दौरे पर पहुंच रहे हैं. अपने आधिकारिक दौरे के दौरान वो पहले दिन ही 30 मई को बोधगया आएंगे. राष्ट्रपति यहां भगवान बुद्ध का दर्शन करेंगे. उनका यह दौरा दोनों देशों के संबंध को नई दिशा देने में एक अहम कदम माना जा रहा है.
पूरी तैयारी है चुस्त-दुरुस्त- DM : गया के जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने बताया कि म्यांमार के राष्ट्रपति का बोधगया परिभ्रमण कार्यक्रम 30 मई को निर्धारित है, इसको लेकर तैयारी की जा रही है. बोधगया में स्थित उन सभी स्थलों का प्रशासन के अधिकारियों ने निरीक्षण किया है जहां राष्ट्रपति जाएंगे.
म्यांमार के राष्ट्रपति के कार्यक्रम एवं परिभ्रमण वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. बड़ी संख्या में मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिस बल की तैनाती रहेगी. यहां सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी नहीं रखी जाएगी. आज से ही विभिन्न स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.”– शशांक शुभंकर, डीएम, गया
काफी महत्वपूर्ण है यह दौरा : म्यांमार के राष्ट्रपति का यह भारत दौरा दोनों देशों के ऐतिहासिक धार्मिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग का दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि वह अपनी वर्तमान भूमिका में पहली बार भारत के दौरे पर पहुंच रहे हैं. अपने भारत दौरे का आगाज भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली बोधगया से करेंगे. इसमें उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होगा.
हाई लेवल की होगी सुरक्षा व्यवस्था : म्यांमार के राष्ट्रपति के दौरे को लेकर गया जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर हो गया है. इसको लेकर गया जी एयरपोर्ट से लेकर बोधगया तक बैठकों का दौर चल रहा है. गया जिला पदाधिकारी शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार की अध्यक्षता में गया एयरपोर्ट पर बैठक भी हुई.
इस बैठक में एडवांस सिक्योरिटी को लेकर चर्चा हुई. खास कर गयाजी एयरपोर्ट के रनवे के किस हिस्से पर उनके विमान की पार्किंग होगी, अंदर में कितने सुरक्षा बल सीआईएसएफ के होंगे. उनके स्वागत के लिए कौन-कौन एयरपोर्ट के अंदर होंगे. इसके अलावा कई और विषयों पर चर्चा हुई.
रेड जोन, नो ड्रोन फ्लाई जोन घोषित : राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कई दिशा निर्देश जारी किए हैं. इसमें महत्वपूर्ण यह है कि राष्ट्रपति के परिभ्रमण वाले क्षेत्रों को टेंपरेरी रेड जोन और नो ड्रोन फ्लाई जोन घोषित किया गया है. निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत गया हवाई अड्डा दोमुहान, वेलकम होटल आईटीसी, महाबोधि मंदिर बोधगया, महाबोधि धम्मा एकता मॉनेस्ट्री, सुजाता टेंपल जाएंगे. इन मार्गों एवं आसपास के क्षेत्र में 30 मई तक ड्रोन उड़ाने पर पूर्णत प्रतिबंध रहेगा.