लखनऊ: यूपी में मानसून को लेकर ताजा अपडेट आया है. मौसम विभाग की मानें तो अगले 48 घंटों में मानसून पूरे बिहार में छा जाएगा. इसके बाद यह यूपी की ओर बढ़ेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश के रास्ते मानसून यूपी में दाखिल होगा. मौसम विज्ञानियों की मानें तो 26 जून से यूपी में प्री मानसून की बारिश शुरू हो सकती है. वहीं यूपी में मानसून के दाखिल होने की संभावना 28 या 29 जून के आसपास बताई जा रही है.
पूर्वी उत्तर प्रदेश में लगातार हीट वेव कंडीशन बनी हुई है, भीषण गर्मी से लोगों का बुरा हाल है. अभी फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है. प्रदेश के 1-2 स्थानों पर बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हुई. वहीं, सोमवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी और बहराइच (लू) की चपेट में रहे. बता दें कि गोरखपुर और लखनऊ में दोपहर बाद तेज हवाओं के बीच झमाझम बारिश हुई. जिससे आम लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत मिली.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है, अगले 48 घंटे के अंदर छत्तीसगढ़, बिहार के बाकी भागों में मानसून पहुंच सकता है. बिहार के बाद मानसून उत्तर प्रदेश में एंट्री लेगा.
(लू) की संभावना इन जिलों में अधिक: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर और आस-पास के क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है.
लखनऊ का वेदर: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मंगलवार को भीषण गर्मी का सिलसिला जारी रहेगा. अधिकतम तापमान में सोमवार के मुकाबले 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
प्रयागराज सबसे गर्म जिला: सोमवार को उत्तर प्रदेश का प्रयागराज प्रदेश का ही नहीं देश का सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि प्रदेश में प्रभावी मौसमी गतिविधियों की अनुपस्थिति में आगामी 3-4 दिनों के दौरान तापमान में मामूली वृद्धि के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर (लू) की स्थितियां जारी रहने की संभावना है. लम्बे समयांतराल के उपरांत मानसूनी सक्रियता बढ़ने से आज दक्षिण पश्चिम मानसून मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, तेलंगाना के कुछ और भाग; कर्नाटक के शेष भाग, छत्तीसगढ़ के कुछ भाग और उड़ीसा, झारखंड और बिहार के कुछ और भाग में आगे बढ़ा. आगामी 48 घंटों के दौरान इसके मध्य अरब सागर के शेष भाग, महाराष्ट्र के कुछ और भाग, तेलंगाना और उड़ीसा के शेष भाग, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ और भाग में आगे बढ़ने की सम्भावना है.