लखनऊ: लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर सोमवार सुबह से मतदान जारी है। इस चरण में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री स्मृति जूबिन इरानी, कौशल किशोर, निरंजन ज्योति व यूपी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह सहित 144 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।
रक्षामंत्री राजनाथ ने लखनऊ के स्कॉलर्स होम स्कूल में परिवार के साथ मतदान किया। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता वोट जरूर करें। एनडीए 400 सीट लेकर आएगी।
बसपा प्रत्याशी ने की पूजा-अर्चना
बसपा प्रत्याशी मयंक द्विवेदी अपनी पत्नी विनीतिका द्विवेदी के साथ अतर्रा के सिद्धपीठ गौराबाबा धाम मंदिर में मतदान के पहले माथा टेका। साथ ही पूजा अर्चना भी की।

अमेठी में स्मृति ईरानी ने किया मतदान
वहीं, भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने मेदन मवई गांव के लीला टिकरा प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 347 पर अपना मतदान किया। वोट करने के बाद भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने कहा कि मैं सभी से अपील करती हूं कि आप मतदान केंद्र पर जाकर इस उत्सव में सहभागी बनें। भारत और भारत के भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। हम सब इसके सहभागी बनें।

उन्होंने कहा कि मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि विकसित भारत के संकल्प के साथ एवं गरीब कल्याण व महिला शक्ति को समर्पित गरीब एक नेता और एक राष्ट्रभक्त को मैंने अपना मतदान दिया। अभिलाषी हूं कि जनता भी अपना आशीर्वाद देगी।