लखनऊ: लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर सोमवार सुबह से मतदान जारी है। इस चरण में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री स्मृति जूबिन इरानी, कौशल किशोर, निरंजन ज्योति व यूपी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह सहित 144 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।
इस बीच खबर आ रही है कि लोकसभा चुनाव को लेकर महोबा ड्यूटी पर आए मणिपुर राज्य के मुख्य आरक्षी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। चुनाव को लेकर जनपद महोबा में बाहरी फोर्स आई है। मणिपुर राज्य की MPTC G- कंपनी में नियुक्त मुख्य आरक्षी 56 वर्षीय मंगजा सिंह कंपनी के साथ कबरई के एक विद्यालय में ठहरे थे। देर रात उनकी अचानक तबियत खराब हो गई। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। सूचना पर अपर एसपी सत्यम समेत कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे।
स्वतंत्र देव सिंह ने परिवार के साथ डाला वोट
वहीं, जालौन में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अपने परिवार के साथ मतदान किया। इस दौरान उन्होंने बयान देते हुए कहा कि लोग योगी और मोदी के विकास के नाम पर वोट दे रहे हैं। भाजपा 400 पर होगी।
उधर, उत्तर प्रदेश के कैसरगंज में भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह ने कहा कि कैसरगंज की जनता उन्हें (पिछली बार से) दोगुने वोटों से जिता रही है। उनके बेटे करण भूषण शरण सिंह कैसरगंज से भाजपा प्रत्याशी हैं।
