बस्ती: पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मंच ‘एनजेसीए’ के केन्द्रीय आवाहन पर चरणबद्ध आन्दोलन की कड़ी में आगामी 8 जनवरी को मण्डल मुख्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में 24 घंटे की भूख हड़ताल कर पुरानी पेंशन बहाली की मांग किया जायेगा। आन्दोलन की सफलता के लिये राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की बैठक कलेक्ट्रेट परिसर स्थित संघ भवन पर जिलाध्यक्ष मस्तराम वर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में पुरानी पेंशन नीति बहाल किये जाने के एक सूत्रीय मांग को आयोजित भूख हड़ताल के सम्बन्ध में पदाधिकारियों में दायित्वों का वितरण किया गया। भूख हड़ताल में सिद्धार्थनगर, संतकबीर नगर जनपदों के कर्मचारी नेता भी हिस्सा लेंगे।
यह जानकारी देते हुए राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यवाहक अध्यक्ष राम अधार पाल ने बताया कि 8 जनवरी को मण्डल मुख्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में 24 घंटे की भूख हडताल दिन में 10 बजे से आरम्भ होगी, जो 9 जनवरी को प्रातः 10 बजे तक चलेगा। भूख हड़ताल में शामिल होने वाले लोगों के लिये परिषद की ओर से अलाव आदि की व्यवस्था की जायेगी। बताया कि पुरानी पेंशन बहाली के लिये कर्मचारी एक जुट हो, 2024 निर्णायक वर्ष है और लोकसभा चुनाव के पूर्व पुरानी पेंशन बहाल हो इसके लिये हर स्तर पर संघर्ष तेज करना होगा।