दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने अपने विद्यार्थियों के लिए एक साथ दो शैक्षणिक प्रोग्राम करने के लिए गाइडलाइंस जारी कर दी है।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि विद्यार्थियों के व्यापक हित में यूजीसी के 2022 की गाइडलाइंस के अनुसार विश्वविद्यालय के छात्रों को एक साथ दो शैक्षणिक प्रोग्राम करने की अनुमति दी गई है। इससे विद्यार्थियों को रोजगार के लिए बेहतर विकल्प उपलब्ध होंगे। विद्यार्थी एकसाथ कई क्षेत्रों में स्किल्स या विशेषज्ञता हासिल कर सकेंगे। साथ ही विद्यार्थियों में बहुविषयक अप्रोच विकसित होगा।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी की गई गाइडलाइंस के अनुसार एक छात्र भौतिक मोड में दो पूर्णकालिक शैक्षणिक प्रोग्राम कर सकता है, बशर्ते कि ऐसे मामलों में, एक प्रोग्राम के लिए कक्षा का समय दूसरे प्रोग्राम के कक्षा समय के साथ ओवरलैप न हो।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी गाइडलाइंस के अनुसार ओडीएल/ऑनलाइन मोड के तहत डिग्री या डिप्लोमा प्रोग्राम केवल ऐसे उच्च शिक्षण संस्थानों के साथ किए जाएंगे जो यूजीसी/वैधानिक परिषद/भारत सरकार द्वारा ऐसे प्रोग्राम चलाने के लिए मान्यता प्राप्त हैं
8 फरवरी से लागू दिशानिर्देश
- कुलसचिव प्रो. शांतनु रस्तोगी ने कहा कि ये दिशानिर्देश इस अधिसूचना की तारीख 8 फरवरी से लागू होंगे।
- अधिसूचना में साफ दिशानिर्देश दिया गया है कि अधिसूचना से पहले ही दो शैक्षणिक कार्यक्रम एक साथ कर लिए छात्रों द्वारा किसी भी पूर्वव्यापी लाभ का दावा नहीं किया जा सकता है।
- इसके साथ ही उन व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में एक साथ दो शैक्षणिक कार्यक्रमों की अनुमति नहीं दी जाएगी जहां नियामक प्राधिकरण अनुमति नहीं देता है।