Lok Sabha Elections 2024: भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार शाम अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी। लिस्ट में 195 उम्मीदवारों के नाम हैं। वहीं यूपी में पीएम मोदी समेत 51 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई है। लिस्ट जारी होने के बाद अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिकिया देते हुए एक्स पर लिखा है कि बीजेपी चुनाव से पहले ही हार मान चुकी हैं।
पहली सूची में ही भाजपा ने अपनी हार मान ली: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, पहली सूची में ही भाजपा ने अपनी हार मान ली है क्योंकि वो बगावत के डर से उन लोगों को भी दोबारा उम्मीदवार बना रही है जो अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में कोई काम नहीं करवाने की वजह से या फिर भ्रष्टाचार में लिप्तता के कारण ख़ुद ही अपने टिकट के लिए कोई उम्मीद नहीं कर रहे थे। जो बोरिया-बिस्तर बांध कर निकालना चाहते थे उन्हें दोबारा दबाव बनाकर लड़ने के लिए कहा जा रहा है। ये अनमने लोग क्या विपक्ष का सामना करेंगे।
भाजपा की लोकसभा उम्मीदवारों की पहली सूची बता रही है कि ‘प्रथम दृष्टया’ जिन सीटों पर भाजपा के जीतने की थोड़ी सी भी संभावना है केवल उन 195 सीटों पर ही ये सूची आई है। इसका मतलब साफ़ है बाकी पर भाजपा साफ़ है।
पहली सूची में ही भाजपा ने अपनी हार मान ली है क्योंकि वो बगावत के डर से उन…
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) March 2, 2024
इंडिया गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेगी सपा
बता दें की 2024 लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव पीडीए के सहारे अपनी नैया पार लगाने में जुटे हुए हैं। अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी यूपी में इंडिया गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेगी और इसके लिए काँग्रेस से सीट शेयरिंग पर बात भी बन गई है। यूपी में काँग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी वहीं समाजवादी पार्टी 63 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी।

