मुरादाबाद में कोर्ट पहुंचीं जया प्रदा ने CAA पर पीएम मोदी का किया धन्‍यवाद, कही ये बात

मुरादाबाद: बॉलीवुड एक्‍ट्रेस और बीजेपी नेत्री जयाप्रदा अभद्र टिप्पणी मामले में गुरुवार को कोर्ट पहुंची। बाहर आकर उन्होंने मीडिया से बातचीत में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के लागू होने पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सीएए, नागरिक का अधिकार देने वाला कानून है न की लेने वाला। यहां पड़ोसी देश बांग्लादेश, पाकिस्तान में जो गैर मुस्लिम अल्पसंख्यक होते हैं, उनको स्टेटस और सम्मान के साथ लाने की कोशिश कर रहे हैं।

फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा ने कहा कि अभद्र टिप्पणी मामले में मैंने आजम खान समेत कई पर मुकदमा दर्ज कराया था। अपने आत्मसम्मान के लिए ताकि अदालत में मुझे न्याय मिले। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य बेहतर न होने की वजह से वो इससे पहले कोर्ट में हाजिर नहीं हो सकी थी, जिसकी वजह से एनबीडब्ल्यू जारी हुए थे। उन्होंने अदालत को शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि वो कोर्ट का हमेशा से सम्मान करती हैं।

आजम खान पर कसा तंज

जयाप्रदा ने सपा सांसद की अभद्र टिप्पणी पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि आज महिलाओं की लड़ाई है। हर धर्म की बेटी की लड़ाई वो लड़ रही हैं, ताकि एसटी हसन जैसे लोग किसी लड़की के ऊपर शोषण न करें। एसटी हसन जैसे लोगों को जनता सांसद बनाती है। लेकिन इस बार महिलाओं का सम्मान करने वाले व्यक्ति को चुनना चाहिए और भगवान उनको सद्बुद्धि दे।

दरअसल, अभद्र टिप्पणी मामले में अपने बयान दर्ज कराने रामपुर की पूर्व सांसद जयाप्रदा के गुरुवार को कोर्ट में पेश होना था। वो पिछली कई तारीखों से कोर्ट में पेश नहीं हो पाई थी, जिसके लिए कोर्ट ने एनबीडब्ल्यू भी जारी किए थे। 2019 लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद कटघर क्षेत्र के मुस्लिम डिग्री कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह में रामपुर के पूर्व सांसद आजम खां, मुरादाबाद के सपा सांसद डॉ. एसटी हसन और समाजवादी पार्टी के अन्य नेता शामिल हुए थे।