लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अपना दल कमेरावादी अब बहुजन समाज पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। इसके लिए पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने लोकसभा की तीन सीटों पर चुनाव लड़ने के निर्णय को फिलहाल स्थगित कर दिया है। पार्टी की नेता पल्लवी पटेल रविवार (24 मार्च) को बसपा सुप्रीमो मायावती से मुलाकात करेंगी।
इसके पहले कृष्णा पटेल ने ‘इंडिया गठबंधन’ के तहत अपने स्तर से ही तीन सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। अब उन्होंने घोषित सीटों की सूची वापस ले ली है। पार्टी की ओर से जारी किए गए बयान में सीटों की सूची को अग्रिम सूचना तक निरस्त करने की बात कही गई है साथ ही कहा है कि शीघ्र ही संशोधित नई सूची जारी की जाएगी।

पहले तीन सीटों पर किया था प्रत्याशियों का ऐलान
अपना दल ने तीन सीटों मिर्जापुर, फूलपुर और कौशांबी में चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। सीटों का ऐलान करते हुए पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा था कि हम इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं और अब तीन सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान करते हैं।