रामपुर: रामपुर में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को लेकर असमंजस के बादल छट गए हैं। रामपुर लोकसभा सीट पर मोहिबुल्लाह नदवी को मैदान में उतारा है। उधर, रुचि वीरा भी मुरादाबाद में नामांकन करवाने के लिए पहुंच गई हैं। मुरादाबाद और रामपुर में सपा उम्मीदवारों को लेकर सभी की निगाहें लगी हुई थी।
सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल दोनों सीटों पर मामला सुलझाने के लिए रामपुर पहुंच चुके हैं। वह मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी के परिजनों के एक होटल में बातचीत कर रहे हैं। रामपुर लोकसभा सीट से स्वार क्षेत्र के रजा नगर निवासी व दिल्ली पार्लियामेंट स्ट्रीट की जामा मस्जिद के इमाम को टिकट देने पर करीब-करीब सहमति बन गई है। इस पर बस अधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
डॉ. एसटी हसन ने कराया नामांकन
वहीं, मुरादाबाद में डॉ. एसटी हसन ने नामांकन करवा दिया है। इस बीच उनका टिकट कटने की चर्चा जोरों पर है। मंगलवार शाम को तेज प्रताप सिंह यादव के रामपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की बात सामने आ रही थी। इस संभावना को खत्म करते हुए मोहिबुल्लाह नदवी को रामपुर से उतारा गया है। वह मूल रूप से इसी जिले के रहने वाले हैं।
एसटी हसन ने कहा- टिकट कटने की मुझे जानकारी नहीं
मुरादाबाद से मंगलवार दिन में सपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन कराने वाले सांसद डॉ. एसटी हसन की टिकट कटने और पूर्व विधायक रुचि वीरा की चर्चा तेज है। इस बाबत पूछने पर डॉ. हसन ने कहा कि उन्हें बी-फॉर्म मिल गया है, यह जानकारी हुई है, लेकिन इस बारे में पार्टी की ओर से मुझे कोई अधिकृत जानकारी नहीं दी गई है।