सपा ने इस सीट पर तीसरी बार बदला प्रत्‍याशी, फिर से मुलायम के परिवार के सदस्य को ही टिकट

बदायूं: समाजवादी पार्टी ने दो महीने आठ दिन में बदायूं लोकसभा सीट से तीसरी बार प्रत्‍याशी बदल दिया है। हालांकि, इस बार टिकट मुलायम सिंह यादव के परिवार के सदस्य को दिया गया है। सपा के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बदायूं में टिकट बदलने के लिए सहमति दे दी है। अब वहां से पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव के बजाय उनके बेटे आदित्य यादव चुनाव लड़ेंगे।

आदित्य यादव सहकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। बता दें कि सपा की पहली सूची 30 जनवरी को जारी हुई थी, जिसमें मैनपुरी से डिंपल यादव और बदायूं से धर्मेंद्र यादव का नाम शामिल था, लेकिन 22 फरवरी को जारी दूसरी लिस्‍ट में धर्मेंद्र यादव का टिकट काटकर शिवपाल सिंह यादव को बदायूं से प्रत्‍याशी घोषित कर दिया गया।

सपा प्रवक्‍ता राजेंद्र चौधरी ने की पुष्टि

बदायूं से टिकट तय होने के बाद शिवपाल सिंह यादव ने बेटे आदित्य के साथ यहां चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया, लेकिन उनका यह चुनावी अभियान बेटे के पक्ष में माहौल बनाने का उपक्रम मात्र था। बताते हैं कि शिवपाल दिल्ली की राजनीति में अधिक इच्छुक नहीं हैं। उन्‍होंने अपने बेटे को भी राजनीति में स्थापित करना चाहते हैं, इसलिए एक बार फिर बदायूं में प्रत्याशी बदल दिया गया है। सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने भी बदायूं से आदित्य यादव को उम्‍मीदवार बनाए जाने की पुष्टि की।