शाहजहांपुर में दिग्गज मंत्रियों के साथ भाजपा के लोकसभा और उप चुनाव के प्रत्याशियों ने कराया नामांकन

शाहजहांपुर: यूपी के शाहजहांपुर जिले में होने वाले लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया के 5वें दिन मंगलवार (23 अप्रैल) को भाजपा के कई नेताओं ने अपना नामांकन दाखिल कराया। बीजेपी से लोकसभा प्रत्याशी के रूप में सांसद अरुण कुमार सागर ने, बीजेपी विधायक मानवेंद्र सिंह के निधन के बाद रिक्त हुई जनपद की ददरौल विधानसभा सीट के लिए उनके बेटे अरविंद सिंह ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान लोकनिर्माण कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, सहकारिता मंत्री जीपीएस राठौर, एमएलसी राज्यसभा सांसद सभी विधायक व पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस दौरान वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्‍ना ने कहा कि भाजपा की लहर बता रही है की इस बार हम प्रदेश की अभी सीटे जीतेंगे अब कोई टक्कर में नहीं है। हमारे जनपद के प्रत्याशी अरुण सागर की जीत प्रचंड होगी। यह हम नहीं क्षेत्र की जनता बोल रही है। उन्होंने कहा कि काम बोलता है, यह मोदी और योगी का काम बोल रहा है, जिसके आगे सभी दल बौने साबित हो रहे हैं। सहकारिता मंत्री जीपीएस राठौर ने बताया कि पिछली बार हम 73 पार का नारा दिया और कर दिखाया, लेकिन अब पांच साल के काम से आगे हम 80 को 80 सीटें जीतने जा रहे हैं। हमारे जितिन प्रसाद जी भी पीलीभीत से प्रचंड बहुमत से जीतने जा रहे हैं।

अरुण सागर ने किया भाजपा की प्रचंड जीत का दावा

लोकसभा प्रत्याशी अरुण सागर ने कहा कि पिछले चुनाव में हमें यहां की जनता एक बड़े अंतर से चुनाव जिताकर सांसद भेजा था, जिस पर हमने जनपद के लिए बहुत कार्य किए। इस बार जनता हमें दोबारा भेज रही हैं, हम प्रचंड जीत प्राप्त करने जा रहे हैं, जो एक इतिहास होगी। ददरौल विधानसभा के उप चुनाव के भाजपा उम्‍मीदवार अरविंद सिंह ने कहा कि पिता जी के निधन के बाद रिक्त हुई सीट पर हमें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसको हम निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके पिता के जो अधूरे कार्य रह गए, उनको पूरा किया जाएगा, उसके बाद क्षेत्र का संपूर्ण विकास भी किया जाएगा।