अटल आवासीय विद्यालयों में एक ही दिन होगी प्रवेश परीक्षा; हर स्कूल में तैयार होंगी इनोवेशन लैब्स

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में अटल आवासीय विद्यालय राज्य स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक हुई. इस दौरान कई निर्णय लिए गए. बैठक में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में अटल आवासीय विद्यालय की तरफ से बनाए मॉडल पर हर विद्यालय में कक्षा और अनुभागवार 1000 छात्रों के वितरण का प्रस्ताव पास किया गया.

इस मॉडल के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6 में 160 और कक्षा 9 में 60 छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा. विद्यालय की कुल क्षमता 1000 तक पूरी की जाएगी. शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर करने के लिए विषयवार शिक्षकों की जरूरत को पूरा किया जाएगा. पहले से स्वीकृत पदों में संशोधन करके हर विद्यालय में 17 पीजीटी और 26 टीजीटी शिक्षकों की नियुक्ति का निर्णय लिया गया है.

मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बताया कि प्रथम शैक्षणिक सत्र 2023-24 में प्रत्येक विद्यालय में कक्षा 6 में 80 छात्रों से प्रवेश हुआ था. कक्षा 6 और 9 में सालाना 140 नए छात्रों के प्रवेश से कुल 980 छात्र हो पाते थे. 2026-27 में 20 अतिरिक्त छात्रों को प्रवेश देकर भविष्य में 1000 छात्रों की क्षमता को पूरा किया जाएगा. प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए बैठक में विस्तृत चर्चा की गई.

मुख्य सचिव के मुताबिक, यह निर्णय लिया गया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा पूरे प्रदेश में एक ही दिन आयोजित की जाएगी. प्रश्न-पत्रों में समानता होगी. एक समान शैक्षणिक स्तर बनाए रखने के उद्देश्य से प्रदेश स्तर पर प्रश्न-पत्र तैयार होंगे.

इन्हें मंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति को उपलब्ध कराया जाएगा. शैक्षणिक सत्र 2027-28 से प्रवेश परीक्षा में और अधिक समानता के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के माध्यम से कराया जाएगा.

उन्होंने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुसार हर अटल आवासीय विद्यालय में कंपोजिट स्किल/इनोवेशन लैब की स्थापना होगी. इन लैब में ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स और ऑटोमेशन, स्पेस एक्सप्लोरेशन और अन्य अत्याधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा. इससे वह 21वीं सदी की स्किल से लैस होंगे.

इतना ही नहीं 1000 छात्रों और आवश्यक स्टाफ के लिए मौजूदा आवासीय व्यवस्था कम पड़ रही है. इसलिए प्रत्येक अटल आवासीय विद्यालय में 26 अतिरिक्त आवास और एक गेस्ट हाउस के निर्माण का प्रस्ताव भी पास किया गया है.