धर्मेंद्र के निधन पर यूपी में शोक की लहर; CM योगी, अखिलेश और मायावती ने व्यक्त किया दुख

लखनऊः बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 24 नवंबर को 89 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा दिया है. हिंदी सिनेमा के ‘ही मैन’ के जाने से भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है. धर्मेंद्र की मौत की खबर सुनते ही सिने प्रेमियो में शोक कि लहर है. पीएम मोदी, सीएम योगी से लेकर बड़े नेता प्रशसंक धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं.

बता दें कि मथुरा लोकसभा सीट से लगातार दूसरी बार भाजपा की सीट से धर्मेंद्र की पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी सांसद हैं. धर्मेंद्र के निधन से मथुरा में शोक की लहर है.सीएम योगी ने अपने X पर लिखा कि ‘लोकप्रिय फिल्म अभिनेता श्री धर्मेंद्र जी का निधन अत्यंत दुःखद एवं कला व फिल्म जगत की अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके प्रशंसकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.’

अखिलेश यादव ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा है कि सालों साल देश के चित्रपट के आकाश पर चमचमाए धर्मेंद्र जी का ज़मीन से जुड़ा सादगी भरा आकर्षक व्यक्तित्व और उनका सहज अभिनय हमेशा याद किया जाएगा.बसपा सुप्रीमो ने X पर लिखा है, ‘भारतीय फिल्म इण्डस्ट्री की जानी-मानी हस्तियों में से एक दिग्गज अभिनेता श्री धर्मेन्द्र का आज निधन हो जाने की ख़बर अति-दुखद. अपने मिलनसार, हमदर्द व ख़ुश मिज़ाज स्वभाव के लिये मशहूर रहे श्री धर्मेन्द्र ने काफी लम्बे समय तक फिल्म दुनिया व फिल्मों के शौक़ीन लोगों के दिलों पर राज किया. उनके परिवार वालों के साथ-साथ उनके तमाम चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना. कु़दरत उन सभी को इस दुख को सहने की शक्ति दे, यही कामना.भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने श्रद्धांजलि देते हुए X पर लिखा है, ‘हिंदी सिनेमा जगत के सुप्रसिद्ध अभिनेता एवं भारतीय जनता पार्टी से माननीय सांसद रहे श्री धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. धर्मेंद्र जी का निधन सिनेमा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति . ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों एवं उनके समर्थकों को विपदा की इस घड़ी में शक्ति प्रदान करें.डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने X पर लिखा है, पद्म भूषण से सम्मानित भारतीय सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता एवं पूर्व सांसद धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. सिनेमा जगत में उनका अद्वितीय योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें.