प्रयागराज : उत्तर प्रदेश में इन दिनों उत्तरी पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जो अपने साथ नमी लेकर आ रही हैं. जिसकी वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में प्रभावी कमी दर्ज की गई है. यूपी के ज्यादातर जिलों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान कम हुआ है. यह सामान्य और सामान्य से दो से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस तक कम रिकॉर्ड हुआ. जिसके कारण सुबह व शाम की ठंडक बढ़ने के साथ ही दिन में भी हल्की ठंडक शुरू हो गई है. प्रदेश के पूर्वी तथा पश्चिमी इलाकों में सुबह शाम के समय हल्की धुंध तथा कोहरा पड़ रहा है. हालांकि, धूप निकलने के साथ इसका असर कम होता जा रहा है.
पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में मौसम शुष्क रहा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं हल्का तो कहीं मध्यम कोहरा दर्ज किया गया. पश्चिमी में कुछ जगहों पर हल्का कोहरा पड़ा. प्राप्त आंकड़ों में प्रदेश में न्यूनतम दृश्यता 400 मीटर प्रयागराज एवं कानपुर में दर्ज की गई.
कहां कितना दर्ज हुआ एयर क्वालिटी इंडेक्स: केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल नियंत्रण बोर्ड द्वारा गुरुवार को शाम 4:00 बजे तक उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स जारी किया गया. जिसके मुताबिक, आगरा में 145, बागपत 307, बरेली 89, गाजियाबाद 302 , गोरखपुर 106, ग्रेटर नोएडा 285, झांसी 44, कानपुर 87, लखनऊ 159, मेरठ 243, मुरादाबाद 146, मुजफ्फरनगर 258, नोएडा 308, प्रयागराज 133, वाराणसी में 114 दर्ज किया गया.
उत्तर प्रदेश में बागपत सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर है, जहां पर एयर क्वालिटी इंडेक्स 307 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, सबसे कम एयर क्वालिटी इंडेक्स झांसी में 44 रिकॉर्ड किया गया.
लखनऊ में एयर क्वालिटी: गुरुवार शाम 4:00 बजे लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों का एयर क्वालिटी इंडेक्स इस तरह रहा. भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी में 148, गोमती नगर में 137, केंद्रीय विद्यालय में 178, कुकरैल पिकनिक स्पॉट में 109, लालबाग लखनऊ में 190, तालकटोरा इंडस्ट्रीज एरिया में 193 रिकॉर्ड हुआ. लखनऊ के लगभग सभी क्षेत्र में एयर क्वालिटी इंडेक्स यलो जोन में है.
राजधानी में मौसम: गुरुवार को राजधानी में सुबह-शाम के समय हल्की धुंध और कोहरा छाया रहा. न्यूनतम दृश्यता लगभग 1000 से 1500 मी. रही. दिन में आसमान साफ रहा और धूप खिली. अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार को सुबह-शाम के समय हल्की धुंध और कोहरा छाया रहेगा. दिन निकलते ही कोहरा और धुंध का असर समाप्त होगा. दिन में धूप खिलेगी सुबह-शाम के समय गुलाबी ठंडक जारी रहेगी. अधिकतम तापमान 24 व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
कानपुर नगर सबसे ठंडा : गुरुवार को कानपुर नगर सबसे ठंडा जिला रहा. जहां पर न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. जो सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान कानपुर देहात जिले में 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य है. मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि उत्तरी पश्चिमी हवाओं के चलने से न्यूनतम अधिकतम तापमान में प्रभावी कमी दर्ज की गई है. जिसकी वजह से रात के साथ-साथ अब दिन में भी ठंडक होने लगी है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम चल रहा है. आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक कमी हो सकती है. वहीं, न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा.