हापुड़: 31 जनवरी को राजस्थान के व्यापारी से जनपद हापुड़ के पिलखुवा के नेशनल हाईवे 9 पर 64 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा किया है. एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मुठभेड़ के बाद पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है. एक बदमाश मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली से घायल हो गया.
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 44 लाख रुपये कैश, लूट के रुपयों से खरीदे गए मोबाइल, तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल तीन वाहन बरामद किए हैं. आरोपी लूट करने के बाद गोवा और मनाली अपनी गर्लफ्रेंड को घुमाने ले गए थे. वहां पर लूट के रुपये खर्च कर रहे थे.31 जनवरी को हुई बिजनेसमैन से लूट: वारदात हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में हुई थी. पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे – 9 पर 31 जनवरी की दोपहर को राजस्थान के गेहूं व्यापारी से बाइक सवार बदमाशों ने 64 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया था और मौके से फरार हो गए थे. वारदात के बाद एडीजी आईजी और डीआईजी सहित अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था.
कोतवाली प्रभारी और दो दारोगा सस्पेंड: एसपी ज्ञानंजय सिंह ने मामले में लापरवाही बरतने पर पिलखुवा कोतवाली प्रभारी और दो दारोगा को सस्पेंड भी कर दिया गया था. शुक्रवार को व्यापारी के साथ हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया गया. एक बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गया. व्यापारी की रेकी सिंभावली निवासी रौनक अली पुत्र अशफाक ने की थी.
रेकी के बाद लूट की वारदात को अंजाम दिया: रौनक अली के साथ अन्य बदमाश गौतम बुद्ध नगर निवासी रईस गाजियाबाद निवासी दानिश दिल्ली निवासी जुनैद और गौतम बुद्ध नगर निवासी सरफराज के साथ अन्य तीन बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था. बदमाशों ने बताया कि जुनैद ने स्कूटी से साइड मारकर व्यापारी की मोटरसाइकिल को रुकवा लिया और दानिश ने तमंचे से फायर कर व्यापारी को डराकर रुपयों से भरे दोनों बैग लिए. फिर मोटरसाइकिल की चाबी निकाल कर थोड़ा आगे फेंक दी, ताकि व्यापारी उनका पीछा न कर सके.
लूट करने के बाद गोवा-मनाली गये बदमाश: इसके साथ ही सरफराज रईस और रौनक भी उनके साथ स्कूटी से थोड़ा आगे मोटरसाइकिल पर चल रहे थे. पहले व्यापारी की एचडीएफसी बैंक के पास खड़े होकर रैकी की, जब व्यापारी पैसों से भरे बैगों को लेकर बैंक से निकाल कर अपनी बाइक से चला तो रौनक उसके पीछे चलते-चलते उन लोगों को व्हाट्सएप कॉल पर उसकी लोकेशन दे रहा था. लूट के बाद बदमाश गाजियाबाद पहुंचे.
आठ लोगों ने मिलकर लूट रुपये बांटे थे: वहां पर आठ लोगों ने मिलकर लूट के रुपयों को आपस में बांट लिया. एसपी ज्ञानंजय सिंह ने लूट की वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस ने 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले. तीन बदमाश फरार हैं, उनकी पुलिस तलाश कर रही है. पकड़ा गया बदमाश रौनक पहले लेबर सप्लाई करता था. उसने ही रेकी की थी. बदमाश लूट के बाद अपनी गर्लफ्रेंड को लेकर मनाली और गोवा चले गए थे. वहां जाकर लूट के रुपये खर्च कर रहे थे. बदमाशों ने करीब तीन लाख रुपये के तीन मोबाइल फोन भी लूट के रुपयों से खरीदे थे.