जनता दर्शन में 100 लोगों से मिले Yogi Adityanath, पुलिस मामलों में कार्रवाई के निर्देश

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात की. समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को यथोचित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया.

सीएम योगी ने जरूरतमंद लोगों को आवास दिलाने और गंभीर बीमारियों से पीड़ितों के इलाज में भरपूर आर्थिक सहायता देने का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और हर समस्या के प्रभावी निस्तारण के लिए संकल्पित है.

गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 100 लोगों से मुलाकात की. महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठाए गए लोगो तक पहुंचकर मुख्यमंत्री ने ध्यान से उनकी समस्याएं सुनीं.

उनके प्रार्थना पत्र लिए और निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया. उन्होंने पुलिस से जुड़े मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. जनता दर्शन में एक महिला ने आवास की समस्या बताई.

मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि उन्हें सरकार की आवास योजना के तहत आवास दिलाया जाएगा. गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक मदद मांगने लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा.

उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए. जनता दर्शन में कुछ महिलाओं के साथ आए बच्चों को चॉकलेट देकर सीएम योगी ने उन्हें खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया.

गोरखपुर दौरे पर जब भी मुख्यमंत्री आते हैं, तो दूर-दराज के लोग गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर अपनी फरियाद उनके समक्ष रखते हैं, जिसको मुख्यमंत्री बड़ी गंभीरता से सुनते हैं. साथ ही निस्तारण का भरोसा दिलाते हैं. यही वजह है कि गोरखनाथ मंदिर में फरियादियों की भीड़ जनता दर्शन से भरोसा लेकर लौटती है.