ज्येष्ठ के महीने में सावन जैसा मौसम, आज 45 जिलों के लिए अलर्ट जारी

लखनऊ:उत्तर प्रदेश में बीते तीन दिनों से जारी आंधी-बारिश का असर साफ दिख रहा है। अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है और तराई समेत ज्यादातर इलाकों में दिन भर ठंडक बनी रही। मंगलवार को बाराबंकी में 27.5 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज हुआ, जबकि कानपुर 29.4 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा। दोनों जगह तापमान सामान्य से करीब 11 डिग्री कम रहा।लखनऊ और आगरा में मई के महीने का, मापन के इतिहास का दूसरा सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया।बारिश के आंकड़ों में बाराबंकी का फतेहपुर 72 मिमी के साथ शीर्ष पर रहा। इसके बाद सिद्धार्थनगर में 66 मिमी, अंबेडकर नगर में 42 मिमी और गोरखपुर में 41.4 मिमी वर्षा दर्ज हुई। आंधी की रफ्तार भी तेज रही। बहराइच और बलरामपुर में हवाएं 85 किमी प्रति घंटे तक चलीं, जबकि गोरखपुर में यह गति 81 किमी प्रति घंटे रही। बुधवार के लिए 45 जिलों में गरज-चमक के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बुधवार और बृहस्पतिवार से बारिश का दायरा तराई और दक्षिणी जिलों तक सीमित हो जाएगा। बारिश थमने के बाद अगले सात दिनों में तापमान में सात डिग्री तक बढ़त आएगी। 

लखनऊ में गिरा पारा

राजधानी में बीते तीन दिनों से जारी छिटपुट बूंदाबांदी और तेज हवाओं का असर माैसम पर साफ दिख रहा है। बीते दो दिनों में लखनऊ में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है और हवा में ठंडक घुल गई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान इतना कम रहा कि लखनऊ में मई के महीने का, मापन के इतिहास का दूसरा सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 11.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। इसके पहले साल 2021 में 29 मई को अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।

माैसम विभाग का कहना है कि बुधवार को भी लखनऊ में छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। इसके बाद विक्षोभ कमजोर पड़ेगा और एक बार फिर तापमान में क्रमश: बढ़त दर्ज की जाएगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 1 डिग्री घटकर 28 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री गिरकर 20.2 डिग्री रिकार्ड हुआ। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 7 मई तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। बुधवार को भी हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।