लखनऊ: उत्तर प्रदेश में फिर मौसम में बदलाव होने जा रहा है. मौसम विभाग ने राज्य के 38 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी है. विभाग के मुताबिक पाकिस्तान के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मंगलवार को यूपी में गरज चमक के साथ बारिश व तेज रफ्तार हवा चल सकती है. इसके प्रभाव से कुछ जिलों में अधिकतम तापमान में कमी होने की भी संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पूर्व उत्तर प्रदेश में बुधवार को भी रहेगा. इसके बाद मौसम शुष्क और तेज धूप खिलने से गर्मी में वृद्धि होगी.
दरअसल पिछले दो-तीन दिनों से मौसम शुष्क होने, आसमान साफ होने और तेज धूप निकलने के कारण लोग गर्मी से बेहाल रहे. प्रदेश में सोमवार को अधिकतम न्यूनतम तापमान में तीन से लेकर 6 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर की गई है. बावजूद इसके अभी भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य अथवा सामान्य से नीचे चल रहे हैं. वहीं अब धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी होने से पारा भी चढ़ते जाएगा.
38 जिलों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया कि बादल गरजने के साथ बिजली भी गिर सकती हैं. साथ ही 60 किमी/ घंटा से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. इसके साथ ही श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, झांसी, ललितपुर और आस पास के क्षेत्र में बारिश हो सकती है.
लखनऊ का तापमान
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को आसमान साफ रहेंगे. दोपहर के समय बादलों की आवाजाही हो सकती है.मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अधिकतम न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा. अधिकतम तापमान 36 व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
वहीं सोमवार को लखनऊ में सुबह से ही आसमान साफ रहे. दिन में तेज धूप निकली, अधिकतम तापमान में रविवार के मुकाबले 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई. लेकिन अधिकतम तापमान सामान्य से काम रहा. अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से 3.25 डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो की सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
बांदा सबसे गर्म जिला
यूपी का सबसे गर्म जिला सोमवार को बांदा जिला रहा. जहां पर अधिकतम तापमान 41. 6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 21 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में मंगलवार और बुधवार को गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहेगा अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी. हीट वेव चलने की संभावना नहीं है.
झमाझम बारिश से मौसम सुहाना
बरेली में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली. तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई. कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बारिश ने बड़ी राहत दी. बारिश के चलते तापमान गिरकर 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक बरेली और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने की भी संभावना जताई गई है.