योगी आदित्यनाथ बोले: नौतनवा के विकास से जनता का कर्ज उतार रहे हैं

महराजगंज: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भव्य स्वागत हुआ.

मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक ऋषि त्रिपाठी के नव निर्मित आवास पर आयोजित गृहभोज एवं सुंदरकांड कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने जनपद महराजगंज को 208 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 79 विकास परियोजनाओं की सौगात दी.

महराजगंज जनपद के नौतनवा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 11:20 बजे पहुंचे. जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के गठन के बाद पहली बार नौतनवा सीट पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत हुई थी और क्षेत्र की जनता ने जो विश्वास जताया, उसी का परिणाम है कि यहां विकास कार्यों को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है.

उन्होंने कहा कि विधायक ऋषि त्रिपाठी और सांसद द्वारा जो भी विकास प्रस्ताव भेजे जाते हैं, उन्हें सरकार तत्काल स्वीकृति प्रदान करती है.

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय इंसेफ्लाइटिस महामारी के रूप में बच्चों की जान ले रही थी, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल थीं और कानून व्यवस्था चरमराई हुई थी.

उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन सरकार के प्रयासों से इंसेफ्लाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है और महराजगंज में मेडिकल कॉलेज जैसी सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं.

योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर भी पिछली सरकारों पर निशाना साधा.

उन्होंने कहा कि पहले किसान परेशान, नौजवान बेरोजगार और बेटियां असुरक्षित थीं, जबकि आज प्रदेश में विकास और सुरक्षा का माहौल बना है.

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और सहयोगी दलों के जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों में मंदिरों के सुंदरीकरण का कार्य कराया है, पहले जो धनराशि कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल पर खर्च होती थी, अब वही पैसा धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास में लगाया जा रहा है.

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 208 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 79 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. मंच पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं आयुष विभाग के मंत्री दयाशंकर मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.