लखनऊ: हीटवेव झेल रहे उत्तर प्रदेश वासियों के लिए राहत वाली खबर मौसम विभाग ने जारी की है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार इस बार केरल में समय से 4 दिन पहले मानसून आ सकता है. मानसून आने की सामान्य तिथि केरल में एक जून है. लेकिन इस बार 25 या 26 मई तक केरल में मानसून एंट्री कर सकता है. केरल में मानसून के एंट्री करने के बाद ही यूपी में मानसून पहुंचने की तिथि का अंदाजा लगाया जाता है. फिलहाल राज्य में मानसून एंट्री की सामान्य तिथि 18 जून है. लेकिन केरल में मानसून ने जल्दी एंट्री किया तो यूपी में भी मानसून समय से पहले 14 जून तक एंट्री कर सकता है.
हीटवेव की चेतावनी
मानसून के आने में भले ही अभी करीब एक महीने का समय बांकी है लेकिन अभी उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. प्रदेश के दक्षिणी भाग में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है. तेज रफ्तार गर्म हवाओं के साथ चिलचिलाती धूप गर्मी से बेहाल कर रही है. मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक शनिवार को भी यूपी के दक्षिणी जिलों में हीट वेव कंडीशन जारी रहने की संभावना है.
लखनऊ में आज का तापमान
राजधानी लखनऊ में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. वहीं मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को लखनऊ में 40 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रहने की संभावना जताई है. साथ ही न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. पिछले 24 घंटे की बात करें तो शुक्रवार को अधिकतम तापमान में पिछले 1 दिन की तुलना में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई. अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो की सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो की सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
बांदा सबसे गर्म
उत्तर प्रदेश का बांदा शुक्रवार को भी सबसे अधिक गर्म जिला रहा. जहां पर अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. जो की सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान उरई जिले में 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि प्रदेश में अगले 4-5 दिनों के दौरान मौसम मुख्यतः शुष्क रहने के साथ तापमान में 3-5°C की वृद्धि हो सकती है. जिसके चलते प्रदेश के दक्षिणी भाग से 18-19 मई को भीषण लू की संभावना बताई गई है. जिसके चलते दक्षिणी भाग के कुछ जिलों के लिए ORANGE ALERT जारी किया गया है. 19 मई के बाद तापमान में मामूली गिरावट से आने की भी संभावना है.