लखनऊ: उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी अभी से अपनी तैयारियों में जुट गई है. इसी क्रम में पार्टी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के तहत जिला स्तर पर दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित करने का निर्णय लिया है. इन वर्गों में वरिष्ठ और प्रशिक्षित नेता कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति, संगठनात्मक कौशल और वैचारिक मजबूती की ट्रेनिंग देंगे.
जानकारी के अनुसार प्रत्येक जिले में दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जाएगा, जिसमें एक रात का प्रवास अनिवार्य है. इसमें भाग लेने वाले सभी कार्यकर्ताओं को 200 रुपये का शुल्क डिजिटल माध्यम से जमा करना होगा. ट्रेनिंग से पहले कार्यकर्ताओं को सरल एप पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, शुल्क जमा और डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम पूरा करना होगा.
कौन होगा शामिल?
प्रशिक्षण में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं में जिला कार्यसमिति के सभी सदस्य, मण्डल अध्यक्ष एवं प्रभारी, मोर्चा जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, जिला संयोजक, प्रकोष्ठ एवं विभाग के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि (विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख आदि), राष्ट्रीय-प्रदेश परिषद सदस्य, पूर्व जिलाध्यक्ष और अन्य दलों से आए जिला स्तरीय कार्यकर्ता शामिल हैं. जिला स्तर पर स्थानीय आवश्यकता अनुसार कुछ अतिरिक्त लोगों को भी बुलाया जा सकता है, लेकिन इनके लिए प्रदेश स्तर से अनुमति ली जाएगी.
सभी जिलों को दिए गए निर्देश
पार्टी की तरफ से सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि मई में जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित करें. जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी इस दौरान जिले में प्रवास कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे. यह प्रशिक्षण वर्ग ऐसे स्थान पर रखा जाएगा, जहां पुरुष और महिला प्रतिभागियों के रात्रि निवास, सभागार, स्नानागार, शौचालय, बिजली बैकअप, भोजन और प्राथमिक चिकित्सा की पूरी व्यवस्था हो.
कार्यक्रम की खास बातें
प्रशिक्षण के दौरान मोबाइल फोन बाहर रखने की व्यवस्था रहेगी, ताकि सत्रों में पूर्ण ध्यान दिया जा सके. सभी प्रतिभागियों को पूरे दो दिन और एक रात वर्ग स्थल पर रहना अनिवार्य होगा. वक्ताओं से पहले ही विषय और समय का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा. सत्रों के बीच अनौपचारिक फीडबैक भी लिया जाएगा. वर्ग के अंत में प्रतिभागियों को फिर से ऑनलाइन परीक्षा देनी होगी. इसके बाद सरल एप पर रिपोर्टिंग करनी होगी. आय-व्यय का पूरा विवरण भी प्रदेश को भेजा जाएगा.
जिला वर्ग प्रभारी की भूमिका
प्रदेश स्तर से भेजे गए प्रशिक्षित कार्यकर्ता अन्य जिलों में जाकर प्रशिक्षण देंगे. जिला वर्ग प्रभारी को वर्ग की पूरी जिम्मेदारी संभालनी होगी. पार्टी का लक्ष्य है कि हर कार्यकर्ता वर्ग से लौटकर कहे कि मैंने बहुत कुछ नया सीखा, मेरी वैचारिक निष्ठा और संगठनात्मक क्षमता बढ़ी है.
केंद्र, प्रदेश और जिला स्तर की प्रदर्शनी
प्रशिक्षण स्थल पर केंद्र, प्रदेश और जिला स्तर की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी. इसमें 60% केंद्र, 25% राज्य और 15% जनपद स्तर के विषय होंगे. यह प्रशिक्षण महाभियान 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने का बड़ा कदम माना जा रहा है. पार्टी सरल एप के माध्यम से पूरे कार्यक्रम को डिजिटल रूप से मॉनिटर भी करेगी. बताया गया कि यह अभियान प्रदेशभर में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा. इसके लिए जिला अध्यक्षों और प्रशिक्षण प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं.
बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक वर्मा ने बताया कि प्रत्येक राजनीतिक पार्टी की प्रशिक्षण की एक परिपाटी होती है. भाजपा में भी समय-समय पर इस तरह के प्रशिक्षण होते रहते हैं. यही अभियान चल रहे हैं. तकनीक की दृष्टि से इस पूरे अभियान में सरल एप को भी शामिल किया गया है.