लखनऊ: उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है. पूरा प्रदेश भट्टी की तरह तप रहा है. अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक पहुंच गए हैं. खास तौर से साउथ यूपी में तो आसमान से आग बरस रही है. बांदा सोमवार को भी देश का सबसे अधिक गर्म जिला रहा. बांदा के अलावा प्रयागराज में भी अधिकतम तापमान लगभग 47 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है. मौसम विभाग ने मंगलवार यानि आज भी भी उत्तर प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में हीट वेव चलने का अलर्ट जारी किया है.
22 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
यूपी के 22 जिलों में मौसम विभाग ने लू की लहर चलने को लेकर चेतावानी जारी की है. ये जिले हैं… बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और आस पास के क्षेत्र.
17 जिलों में यलो अलर्ट
यूपी के 17 जिलों में मौसम विभाग ने लू को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. ये जिले हैं… सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, आजमगढ़, मऊ, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, अमेठी, सुल्तानपुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, मैनपुरी, ललितपुर और आस पास के क्षेत्र.
इन जिलों में रात में तापमान रहेंगे अधिक
प्रदेश के 13 जिलों में मौसम विभाग ने रात में तापमान सामान्य से अधिक रहने को लेकर अलर्ट जारी किया है. यह जिले हैं… शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद और आस पास के क्षेत्र.
अधिकतम तापमान वाले टॉप 10 जिले
बांदा 47.6, प्रयागराज 46.8, वाराणसी 45, सुल्तानपुर 43, अमेठी 44.7, गाजीपुर 44,, झांसी 45.7, उरई 44.6, हमीरपुर 45. 6, आगरा 44.5, बुलंदशहर 45, लखनऊ 43.2
लखनऊ का तापमान
राजधानी लखनऊ में मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मंगलवार को सुबह से ही आसमान साफ रहेगा. तेज धूप खिलेगी. 20 से लेकर 30 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से धूल भरी हवा चल सकती है. वहीं अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
वहीं लखनऊ में सोमवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा तेज धूप खिली. दोपहर के समय तेज धूप के कारण सड़कों पर सन्नाटा दिखा. अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो की सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो की सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है. अधिकतम और न्यूनतम तापमान में रविवार के मुकाबले दो-दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है.
बांदा सबसे गर्म जिला
यूपी का सबसे गर्म जिला सोमवार को भी बांदा जिला रहा. जहां पर अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो की सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र न होने के कारण मौसम शुष्क बना हुआ है. अधिकतम तापमान में वृद्धि हो रही है जिसकी वजह से प्रदेश में भीषण गर्मी जारी है. 21 मई तक प्रदेश के दोनों संभागों में भीषण गर्मी के साथ-साथ कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है. अभी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से लेकर 4 डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि हो सकती है. अगले एक हफ्ते तक राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में लू रहेगा, जबकि पश्चिमी यूपी में अगले दो दिनों तक रात में गर्मी बनी रहेगी.