गोरखपुर में CM योगी का जनता दर्शन, 150 फरियादियों की सुनी समस्याएं; बच्चों को दिए चॉकलेट

गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में पहुंचे करीब 150 फरियादियों से मुलाकात की. मुख्यमंत्री एक-एक फरियादियों से मिले और उनकी समस्याएं सुनने के बाद समाधान के बाबत आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया. इस दौरान भूमि विवाद, मारपीट व इलाज संबंधी शिकायतें और गुहार लेकर फरियादी पहुंचे थे. मुख्यमंत्री ने सभी को समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन दिया. इसके पहले मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मुख्यमंत्री ने परिजनों के साथ आए बच्चों से मिल उन्हें प्यार-दुलार के साथ चॉकलेट भी दिए.

गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए शीघ्रता से समस्या समाधान के लिए निर्देशित किया. सीएम योगी ने कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए. हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी शीघ्रता से सहायता की जानी चाहिए. राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए.

जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए कई लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि पैसे के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा. उन्होंने अधिकारियों से इस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

सीएम योगी ने की गोसेवा, बछड़ों को खिलाया गुड़ : गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही. गुरु गोरखनाथ का दर्शन पूजन करने तथा अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा समक्ष शीश झुकाने के बाद वह मंदिर परिसर के भ्रमण पर निकले. मंदिर की गौशाला में पहुंचकर गौसेवा की. इस दौरान गायों और बछड़ों को गुड़ खिलाया. साथ ही कार्यकर्ताओं को भीषण गर्मी में गोवंश की देखभाल के लिए जरूरी दिशा निर्देश भी दिए.