सीएम योगी का कई जिलों का दौरा आज, बिजनौर और सहारनपुर में तैयारियां पूरी

बिजनौर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिजनौर, सहारनपुर सहित कई जिलों का दौरा करेंगे. इस दौरान कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.

सबसे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ आज बिजनौर जनपद के गांव आलमपुर गांवड़ी में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे. मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर सोमवार को दोपहर 1.25 बजे जनपद की ग्राम पंचायत आलमपुर गांवड़ी में बने हेलीपैड पर उतरेगा. 1.30 बजे वे कार द्वारा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्र के 10 किसानों को कृषि भूमि के पट्टों का अधिकार पत्र व खतौनी का वितरण करेंगे.

वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न योजनाओं के पात्रों को लाभाविंत करेंगे.

कार्यक्रम की समाप्ति के बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब ढाई बजे विधायक बढ़ापुर सुशांत सिंह के आवास पर पहुंचेंगे. यहां करीब 27 मिनट रुकने के बाद वे वापस हेलीपैड पर पहुंचेंगे और 3.05 बजे शाकंभरी देवी मंदिर सहारनपुर के लिए रवाना होंगे.

उधर, डीआइजी मुरादाबाद मुनिराज, डीएम जसजीत कौर और एसपी अभिषेक झा ने ग्राम आलमपुर गांवड़ी में आयोजित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया. रविवार को पूरा सरकारी अमला कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा रहा.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित बिजनौर दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं मुख्यमंत्री के आगमन से एक दिन पूर्व जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

डीआईजी, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा तथा जिलाधिकारी जसजीत कौर ने अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव आलमपुर गावड़ी स्थित सभा स्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने मंच, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, वीआईपी मूवमेंट तथा जनसभा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की.

मुख्यमंत्री की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए. कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए.

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी सोमवार को बिजनौर के अफजलगढ़ के गांव आलमपुर गावड़ी पहुंचेंगे. इस दौरान वे किसानों एवं पूर्व सैनिकों को अधिकार पत्र, प्रमाण पत्र तथा खतौनी का वितरण करेंगे. इसके अलावा मुख्यमंत्री 20 से 25 भूमिहीन परिवारों को पांच-पांच बीघा भूमि का स्वामित्व प्रदान कर उनके नाम भूमि आवंटित करेंगे.

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं. प्रशासन का दावा है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

सीएम योगी सहारनपुर के बाढ़ प्रभावित शाकंभरी देवी क्षेत्र का दौरा करेंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ सोमवार को सहारनपुर दौरे पर आ रहे हैं. जहां सीएम योगी सिद्धपीठ शाकम्भरी देवी मंदिर में आई बाढ़ प्रभावित क्षेत्र और चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे. इसके बाद वे अधिकारियों से बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी लेंगे.

मुख्यमंत्री बिजनौर से दोपहर 3:05 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे और 3:35 बजे शाकंभरी देवी में बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे. यहां पहुंचने के बाद वह मंदिर परिसर और आसपास चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लेंगे.

मुख्यमंत्री संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर परियोजनाओं की प्रगति, व्यवस्थाओं तथा भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा करेंगे.

मुख्यमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब तीन दिन पहले शाकंभरी देवी क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी. शिवालिक पर्वतीय क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण मंदिर परिसर के आसपास जलस्तर अचानक बढ़ गया था. जिसकी चपेट में आने से दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी.

बाढ़ के कारण कई वाहन भी बह गए थे और मंदिर क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था. मुख्यमंत्री के निर्देश पर आपदा राहत कोष से मृतक श्रदालुओ के परिजनों को 4-4 लाख रूपये की आर्थिक मदद दी गई.

हालांकि प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य चलाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया, लेकिन घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं और आपदा प्रबंधन को लेकर कई सवाल भी उठे हैं. माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का भी निरीक्षण कर सकते हैं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे सकते हैं.

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है और अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. अगले आदेश तक शाकम्भरी देवी मंदिर बंद रखने के निर्देश दिए गये।