सीएम योगी का बड़ा बयान, बोले- जिनका DNA भारतीय है, उन्हें भगवान राम से प्रेम है

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि जिसमें भी भारत का डीएनए है, वह किसी न किसी जरिए से भगवान राम के आदर्शों को जरूर मानता है. कुछ राजनीतिक लोगों को छोड़ दीजिए तो किसी को भी भगवान राम से कोई गुरेज नहीं है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में चल रहे 9 दिवसीय श्री राम कथा महोत्सव के समापन कार्यक्रम में कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का नाम ही वह अद्भुत शक्ति है, जो उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक पूरे भारत को एक सूत्र में बांध सकता है. मुख्यमंत्री ने राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि लगभग 500 वर्षों तक चले आंदोलन के बाद वर्ष 2019 में सर्वोच्च न्यायालय ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया. अदालत ने स्पष्ट किया कि जहां रामलला विराजमान हैं, वही राम जन्मभूमि है. उन्होंने बताया कि न्यायमूर्ति ने रामभद्राचार्य के बयान को उद्धृत करते हुए कहा कि सनातन धर्मावलंबियों पर सदियों से कितना अत्याचार हुआ है, यह सुनकर अदालत भी प्रभावित हुई.

रामायण से समसामयिक सबक

योगी आदित्यनाथ ने रामायण की घटनाओं को वर्तमान परिस्थितियों से जोड़ते हुए कहा कि जब भी नकारात्मक ताकतें वर्चस्व पाती हैं, तो वे उसी प्रकार विनाश करती है, जैसा रावण के काल में होता था. उन्होंने शिक्षण संस्थानों को बंजर बनाने की तुलना खर-दूषण और ताड़का से की. मुख्यमंत्री ने माता जानकी के अपहरण का उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान राम ने उत्तर और दक्षिण को जोड़कर नारी गरिमा की रक्षा का आदर्श प्रस्तुत किया.

लव जिहाद का मुद्दा

सीएम ने इसे लव जिहाद जैसी घटनाओं को चेतावनी के रूप में याद करने की बात कही. उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया कि केरल उच्च न्यायालय ने 2009 और 2011 में इस मुद्दे पर गहरी चिंता जताई थी, फिर भी देश में इसे गंभीरता से नहीं लिया गया. यह धार्मिक जनसांख्यिकी (Religious Demography) बदलने की साजिश का हिस्सा है. हमने 2020 में उत्तर प्रदेश में सख्त कानून बनाया, लेकिन अब व्यापक जनजागरूकता की जरूरत है,” उन्होंने जोर दिया.

लैंड जिहाद पर क्या कहा

सीएम योगी ने लैंड जिहाद का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि खर-दूषण, मारीच और सुबाहु जैसे पात्र भी लैंड जिहाद से जुड़े थे. खाली जमीन देखकर जबरन कब्जा करना उसी मानसिकता का हिस्सा है. उन्होंने स्पष्ट कहा, ‘भारत की धरती उन आक्रांताओं के लिए धर्मशाला नहीं हो सकती, जिनमें भारत के प्रति आस्था नहीं है, निष्ठा नहीं है और जो इस देश के संस्कारों का सम्मान नहीं करते.’ मुख्यमंत्री ने कहा कि नकारात्मक ताकतें हर युग में आती रहेंगी, लेकिन समाज को एकजुट होकर तैयार रहना चाहिए. राम कथा हमें यही संदेश देती है कि सत्य और धर्म की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए. कार्यक्रम में राम कथा वाचक और भक्तों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही. समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए.

रामभद्राचार्य से बोले योगी, आपके प्रिय आम लाया हूँ

भारतीय जनता पार्टी के लखनऊ उत्तर क्षेत्र से विधायक डॉ. नीरज बोरा की ओर से आयोजित राम कथा समारोह के अंतिम दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे हैं. यहां वे गुरु रामभद्राचार्य से मिले. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामभद्राचार्य को अंग वस्त्र उदय और आम भेंट किए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनसे कहा कि आपको देवताओं में राम और फलों में आम प्रिय है, आपके लिए लाया हूं.