लखनऊ: उत्तर प्रदेश में इन दिनों ज्यादातर जिलों में भीषण गर्मी का दौर चल रहा है. अधिकतम तापमान एक बार फिर 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है. जिसकी वजह से दिन के समय भीषण गर्मी और कुछ स्थानों पर लू चल रही है, वहीं प्रदेश के कुछ जिलों में मंगलवार को तेज रफ्तार हवा और हल्की बारिश भी हुई. जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. इटावा जिले में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज रफ्तार से हवा चली, वहीं उरई जिले में हल्की बारिश और तेज रफ्तार हवा चली. वहीं इटावा और आगरा में आंधी-तूफान से तबाही मची.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के 17 जिलों में लू चलने और 37 से अधिक जिलों में आंधी, बारिश, बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है.
आगरा में भयानक आंधी-तूफान संग बारिश: जिले में मंगलवार शाम तेज अंधड़ और बारिश से तपती गर्मी से लोगों को राहत मिली. हालांकि इस दौरान तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया. मंगलवार देर शाम आए 20 मिनट के अंधड़ में जिले में तमाम जगह पर होर्डिंग गिर गए, पेड़ उखड़ गए. गनीमत ये रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है. जबकि, बारिश और आंधी की वजह से यातायात प्रभावित रहा.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 10 जून से 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से धूल भरी अंधड़ चलेगी. इसके साथ ही हल्की बारिश भी हो सकती है. जबकि 12 जून को तूफान के साथ ओले गिरने का अलर्ट है. इसके बाद 13 और 14 जून को भी मौसम बिगड़ा रहेगा.
इटावा में 10 मिनट के तूफान ने मचाई तबाही: जनपद में आए तेज आंधी-तूफान ने कुछ ही मिनटों में जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया. मंगलवार को आए इस तूफान ने पूरे शहर में भारी नुकसान पहुंचाया. कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ. पेड़ गिरने की घटनाओं में कई बाइक और चार पहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जानकारी के अनुसार तीन सरकारी वाहनों पर भी पेड़ गिरने से नुकसान हुआ है.
आंधी के चलते विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई. शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई इलाकों में रातभर बिजली गुल रही, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
लू की चेतावनी इन जिलों में अधिक: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आस पास के क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है.
बादल गरजने-बिजली गिरने की चेतावनी इन जिलों में अधिक: सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और आस पास के क्षेत्र में चेतावनी जारी की गई है.
लखनऊ का वेदर: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को लखनऊ में आसमान साफ रहा. तेज धूप खिली, अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बांदा सबसे गर्म जिला: मंगलवार को उत्तर प्रदेश का बांदा सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि बुधवार को भी मौसम लगभग ऐसा ही बना रहेगा, गुरुवार से हीट वेव कंडीशन समाप्त होगी और प्रदेश के अधिकांश भाग में बादलों की आवाजाही और तेज रफ्तार हवा चलने के साथ ही बारिश भी होगी.