लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला थमने के बाद अब फिर गर्मी का प्रकोप धीरे-धीरे बढ़ रहा है. वर्तमान में कोई मौसम तंत्र सक्रिय न होने के कारण मौसम ड्राई बना हुआ है. आने वाले 5 दिनों तक उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम ड्राई बना रहेगा. भीषण गर्मी जारी रहेगी, पिछले दिनों हुई बारिश आंधी तूफान के कारण अधिकतम न्यूनतम तापमान में प्रभावी कमी आई थी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली थी. लेकिन एक बार फिर से अधिकतम न्यूनतम तापमान में वृद्धि होना शुरू हो गया है. वहीं दूसरी तरफ मानसून की आहट उत्तर प्रदेश में होने वाली है जिसको लेकर सरकार ने सभी जिलो में राहत और बचाव के लिए संभावित प्रयास शुरू कर दिये हैं.
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले एक सप्ताह के अंदर 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की और अधिक वृद्धि होगी, जिससे गर्मी में इजाफा होगा. वहीं आइसोलेटेड स्थान पर 1-2 जगह हल्की बारिश भी हो सकती है.
मौसम लखनऊ का: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मंगलवार को सुबह से ही आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी. अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
राजधानी लखनऊ में सोमवार को भीषण गर्मी का सिलसिला जारी रहा. मौसम में अधिकतम आद्रता 60 और न्यूनतम आद्रता 33 प्रतिशत रही. आसमान साफ होने और तेज धूप निकलने और मौसम में आद्रता होने के कारण उमस भरी गर्मी जारी. रविवार के मुकाबले 1 डिग्री सेल्सियस तापमान में वृद्धि हुई. अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है, वहीं न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गयी. न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है.
बांदा सबसे गर्म जिला: सोमवार को बांदा उत्तर प्रदेश ही नहीं देश का सबसे गर्म जिला रहा. जहां पर अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डा. अतुल सिंह ने बताया कि मंगलवार को भी प्रदेश के ज्यादातर इलाको में मौसम ड्राई रहेगा. आइसोलेटेड स्थानों पर तेज रफ्तार हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि होगी.
मानसून की आहट उत्तर प्रदेश में होने वाली है जिसको लेकर सरकार ने सभी जिलो में राहत व बचाव के लिए संभावित प्रयास शुरू कर दिये है. इसी कड़ी में सोमवार को सचिव राजस्व एवं राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने लाल बहादुर शास्त्री भवन स्थित सभागार में मानसून के आगमन से पूर्व संभावित बाढ़ प्रभावित संवेदनशील जनपदों की तैयारियों और राहत-बचाव कार्यों की विस्तृत समीक्षा की.
उन्होंने जनपदों के जिलाधिकारियों को बाढ़ चौकियों व राहत शिविरों को तैयार रखने तथा एसडीआरएफ और पीएएसी की तैनाती के निर्देश दिए हैं. साथ ही स्थानीय गोताखोरों तथा नाविकों को सुरक्षा बलों के साथ तैनात करने का निर्देश दिया.