गोरखपुर में सीएम योगी का संदेश, बोले- बीजेपी कार्यकर्ताओं के लिए संस्थापकों के आदर्श सर्वोपरि

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी, अब अपने कार्यकर्ताओं की बैठकों और कार्यक्रमों को रणनीतिक प्रशिक्षण का हिस्सा बना रही है.

ऐसे ही एक कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को गोरखपुर महानगर में रहने वाले प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों के लिए किया गया, जिसको संबोधित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए.

योगी आदित्यनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने मूल्यों और आदर्शों की राजनीति अपनाकर शून्य से शिखर तक की यात्रा की है. 1985 में मात्र दो लोकसभा सीट हासिल करने वाली इस पार्टी की आज केंद्र सहित देश के 21 राज्यों में स्वयं की सरकार है.

दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में भाजपा की यात्रा सत्ता प्राप्त की यात्रा नहीं है, बल्कि यह सुरक्षा, सुशासन, समृद्धि और की बेहतरीन यात्रा है. मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत इसमें शामिल प्रतिभागियों को ‘दल से पहले देश’ और ‘व्यक्ति से पहले समाज’ के भाव से आगे बढ़ते रहने को प्रेरित किया.

उन्होंने कहा कि भाजपा आज दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में लोकतांत्रिक मूल्यों पर विश्वास की प्रतीक बनी है, तो इसके पीछे भारतीय जनसंघ के समय से पार्टी के संस्थापकों के आदर्शों और संस्कारों से मिली प्रेरणा है.

सीएम योगी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के उद्धरण, ‘बिना मूल्यों और आदर्शों वाली राजनीति मौत का फंदा है’ का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए संस्थापकों के मूल्य और आदर्श सदैव सर्वोपरि हैं.

सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश में आंतरिक सुरक्षा का मॉडल दिया है. 2014 के पहले दुश्मन देश सैनिकों से क्रूरता करते थे. सरकारें तब बोलती नहीं थी, उन्हें देश की कम संबंध की चिंता रहती थी. 2014 के बाद सरकार ने दुश्मन की आंख में आंख मिलाने का सामर्थ्य दिया. एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक के जरिये दुनिया के सामने अपने सामर्थ्य और ताकत का परिचय दिया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के पहले कश्मीर जल रहा था, पूर्वोत्तर के राज्यों में उग्रवाद चरम पर था, देश के 120 जिलों में नक्सलवाद हावी था. आज की सरकार ने कश्मीर में आतंकवाद को कुचल दिया. पूर्वोत्तर के राज्यों में उग्रवाद समाप्त हो चुका है, नक्सलवाद एक-दो जिलों तक सीमित है और बहुत शीघ्र वहां भी खत्म हो जाएगा.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुरक्षा के बेहतर माहौल में ही विकास संभव होता है. सुरक्षा का वातावरण बनने के कारण ही आज इंफ्रास्ट्रक्चर, रोड कनेक्टिविटी, हाईवे एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, इनलैंड वाटरवे, मेट्रो, रोपवे और लॉजिस्टिक के कार्य बड़े पैमाने पर हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, विकास की प्राथमिक आवश्यकता है. इंफ्रास्ट्रक्चर जितना मजबूत होगा, विकास भी उतनी ही तेजी से होगा.