रामपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को शाहबाद में 690 करोड़ रुपये की 102 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। यह परियोजनाएं मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित हैं। इसके बाद वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री शिवा शुगर मिल कंपाउंड, ढकुरिया स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
रामपुर दौरे पर CM योगी, 102 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात; शाहबाद में जनसभा आज
वह लगभग डेढ़ घंटा कार्यक्रम स्थल पर रहेंगे। इससे पहले जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर लीं। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि मिलक विधानसभा क्षेत्र की आठ परियोजनाओं का 96.30 करोड़ रुपये की लागत से शिलान्यास होगा।
बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र की 19 परियोजनाओं का 163.41 करोड़ रुपये की लागत से शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा मिलक विधानसभा क्षेत्र की 27 परियोजनाओं का 199.43 करोड़ रुपये की लागत से लोकार्पण होगा। वहीं, बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र की 47 परियोजनाओं का 231 करोड़ रुपये की लागत से लोकार्पण किया जाएगा। इस प्रकार कुल 102 परियोजनाओं पर 690 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।