सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को सहारनपुर के दौरे पर रहेंगे. उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रस्तावित दौरा केवल सरकारी कार्यक्रम भर नहीं माना जा रहा, बल्कि इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं.
मुख्यमंत्री यहां स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ करेंगे, जनसभा को संबोधित करेंगे और करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे. जिस स्थान पर मुख्यमंत्री की जनसभा आयोजित हो रही है, वह नगर विधानसभा क्षेत्र में आता है जबकि उसके ठीक सामने देहात विधानसभा क्षेत्र की सीमा शुरू हो जाती है.
भाजपा इसे दोनों विधानसभा क्षेत्रों तक एक साथ अपना संदेश पहुंचाने के अवसर के रूप में देख रही है. विशेष रूप से देहात विधानसभा सीट फिलहाल समाजवादी पार्टी के कब्जे में है. ऐसे में मुख्यमंत्री की यह जनसभा भाजपा के लिए इस क्षेत्र में राजनीतिक माहौल बनाने की शुरुआत के रूप में भी देखी जा रही है.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह 11:05 बजे सरसावा एयर फोर्स स्टेशन पर उतरेगा. इसके बाद वह 11:10 बजे गांव इस्माइलपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय पहुंचेंगे, जहां ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ करेंगे.
इस दौरान मुख्यमंत्री विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से संवाद भी कर सकते हैं. इसके बाद मुख्यमंत्री महाराज सिंह डिग्री कॉलेज मैदान पहुंचेंगे, जहां विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे.
साथ ही आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों पर अपने विचार रखेंगे. दोपहर 12:55 बजे मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचेंगे. यहां वह सहारनपुर मंडल में लोक निर्माण विभाग (PWD) के लंबित एवं प्रगति पर चल रहे कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे.
बैठक में मंडल के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे.
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं.
दिलचस्प बात यह भी है कि जिन विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण मुख्यमंत्री के हाथों होना है, उनमें अधिकतर इसी इलाके से संबंधित हैं.
इससे यह संकेत मिलता है कि भाजपा विकास कार्यों के जरिए क्षेत्रीय जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति को एक साथ साधने का प्रयास कर रही है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इससे पहले भी कई बार सहारनपुर का दौरा कर चुके हैं. पिछले जनवरी से अब तक यह उनका जिले का छठा दौरा होगा.
हाल ही में देवबंद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया था. ऐसे में सहारनपुर का यह दौरा भी उसी चुनावी तैयारी की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है.
इस दौरे की एक और खास बात यह है कि इसकी कोई पूर्व सार्वजनिक घोषणा नहीं थी. मुख्यमंत्री कार्यालय से कार्यक्रम तय होने के बाद प्रशासन ने कुछ ही घंटों में तैयारियां शुरू कर दीं. अचानक तय हुए इस दौरे ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को और तेज कर दिया है.
माना जा रहा है कि भाजपा विकास कार्यों के साथ-साथ 2027 के विधानसभा चुनाव की जमीन तैयार करने की दिशा में भी सक्रिय हो चुकी है.
हालांकि भाजपा की ओर से इस कार्यक्रम को पूरी तरह विकास और जनकल्याण से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन कार्यक्रम स्थल का चयन, विकास परियोजनाओं का क्षेत्रीय फोकस और हाल के राजनीतिक संकेतों को देखते हुए राजनीतिक विश्लेषक इसे आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति से जोड़कर भी देख रहे हैं.

