लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर आज से टोल लागू, जानिए किस वाहन पर कितना लगेगा शुल्क

लखनऊ : लखनऊ और कानपुर के बीच सफर अब सिर्फ 35 से 40 मिनट में पूरा होगा. इसके लिए बने 63 किलोमीटर लंबे 6-लेन लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे NE-6 का उद्घाटन सोमवार को हुआ. आज मंगलवार 14 जुलाई से इस पर टोल वसूली शुरू हो जाएगी.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि और सेवानिवृत आईएएस अधिकारी दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण NHAI ने इस एक्सप्रेस-वे के लिए टोल की आधिकारिक दरें जारी कर दी हैं.

इस एक्सप्रेस-वे पर कुल 5 टोल प्लाजा बनाए गए हैं, लेकिन आउटर रिंग रोड से जुड़ने वाले टोल पर टैक्स नहीं लगेगा. अभी 4 टोल प्लाजा से ही शुल्क लिया जाएगा.

NHAI के मुताबिक अलग-अलग वाहनों के लिए अलग-अलग दर तय की गई है-

  • कार, जीप, वैन, एसयूवी: एक तरफ का टोल 275 रुपये. 24 घंटे के अंदर वापसी करने पर 415 रुपये लगेंगे. यानि 135 रुपये की बचत होगी.
  • हल्के कमर्शियल वाहन: एक तरफ 445 रुपये, वापसी 670 रुपये.
  • बस और ट्रक: एक तरफ 935 रुपये, वापसी 1405 रुपये.
  • भारी वाहन: एक तरफ 1020 रुपये, वापसी 1530 रुपये.

रेगुलर यात्रियों के लिए राहत : रोजाना अप-डाउन करने वालों के लिए NHAI ने खास पास भी निकाला है. सालाना फास्टैग पास की कीमत 3,075 रुपये रखी गई है. इस पास से साल में 200 बार टोल पार किया जा सकेगा.

सफर होगा आसान और तेज : अभी लखनऊ से कानपुर जाने में 1.5 से 3 घंटे लग जाते हैं. नए एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियों की स्पीड सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है. इससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी. 4,700 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेस-वे पर आधुनिक सुरक्षा सिस्टम, फ्लाईओवर और अंडरपास भी बनाए गए हैं. दोपहिया वाहनों को इस एक्सप्रेस-वे पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. भुगतान पूरी तरह फास्टैग के जरिए डिजिटल होगा.