यूपी में फिर सक्रिय होगा मानसून, जानिए कब से शुरू होगी झमाझम बारिश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान मानसून की सक्रियता कम रही, जिसके कारण पूर्वी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई. ज्यादातर जिलों में मौसम ड्राई रहा. तेज धूप खिली, तेज धूप खिलने के कारण उमस भरी गर्मी में इजाफा हुआ.

मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह के अनुसार कोई सक्रिय मौसम तंत्र ना होने के कारण 3-4 दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा, दिन में आसमान साफ रहेगा. तेज धूप खिलेगी मौसम में नमी होने के कारण उमस भरी चिप-चिपी गर्मी में वृद्धि होगी. वहीं 17 जुलाई को एक बार फिर से मानसून सक्रिय होगा और तीन-चार दिन फिर से प्रदेश के दोनों संभागों में जमकर बारिश होगी.

इन जिलों में हो सकती है बारिश: सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर,बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बाराबंकी, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थ नगर, बस्ती, अयोध्या, संत कबीर नगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, सोनभद्र और आसपास के इलाकों में रेन अलर्ट जारी किया गया है.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 जून से 13 जुलाई तक अनुमानित बारिश 169.2 मिमी के सापेक्ष 188.4 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 11% अधिक है.

लखनऊ का मौसम: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मंगलवार को लखनऊ में आसमान साफ रहेगा, दिन में तेज धूप खिलेगी अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

उरई सबसे गर्म जिला: सोमवार को उत्तर प्रदेश का उरई सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 23. 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस कम है.