मुरादाबाद:यूपी विधानसभा चुनाव में मुरादाबाद जिले में प्रत्याशियों के चयन के लिए भाजपा के तीसरे चरण का सर्वे पूरा हो चुका है। तीन चरणों में जिले की छह विधानसभा सीटों के लिए 20 दावेदारों के नाम सबसे सामने आए हैं। मुरादाबाद नगर, देहात, कुंदरकी, ठाकुरद्वारा में तीन-तीन और कांठ-बिलारी में चार-चार नाम लोगों के बीच चर्चा में है। इसमें मौजूदा विधायकों से लेकर ब्लॉक प्रमुख तक शामिल हैं।
भाजपा का तीसरा सर्वे खत्म, एक चरण बाकी; इन सीटों पर सबसे ज्यादा मंथन
विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारी तेज कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिले का दौरा कर चुके हैं। वहीं पार्टी के कार्यक्रमों के बहाने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य भी मुरादाबाद आ चुके हैं। वहीं पार्टी स्तर पर विभिन्न अभियान चलाकर कार्यकर्ताओं को जोड़ा जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक अभी तक हुए तीन सर्वे में एजेंसियों को लोगों के बीच 20 दावेदारों के नाम सबसे ज्यादा चर्चा मिले हैं। इसमें दोनों मौजूदा विधायक, पूर्व विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, नगर पालिका चेयरमैन, वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों के नाम शामिल हैं। एजेंसियों ने इनके अलावा भी कुछ नामों पर लोगों के बीच चर्चा की है।