लखनऊ: योगी सरकार नए साल से पहले प्रदेश के 1.20 करोड़ से अधिक बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन बढ़ाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सैद्धांतिक सहमति के बाद तीनों योजनाओं की पेंशन 1000 से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह करने के प्रस्ताव नवंबर के दूसरे पखवाड़े में कैबिनेट के समक्ष लाए जाने की संभावना है। सरकार का लक्ष्य तीसरी तिमाही से बढ़ी हुई पेंशन देने का है। इसके लिए अनुपूरक बजट में धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। प्रस्तावों को कैबिनेट की मंजूरी मिलने पर लाभार्थियों को हर महीने 500 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। तीन महीने की पेंशन 3000 से बढ़कर 4500 रुपये और सालाना राशि 12 हजार से बढ़कर 18 हजार रुपये हो जाएगी। इस तरह प्रत्येक लाभार्थी को सालाना छह हजार रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
तीनों योजनाओं में 1.20 करोड़ से अधिक लाभार्थी
वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत दूसरी तिमाही में 67 लाख से अधिक बुजुर्गों को पेंशन का भुगतान किया जा रहा है। पहली तिमाही में यह संख्या 65.60 लाख से अधिक थी। निराश्रित महिला पेंशन योजना में दूसरी तिमाही के लाभार्थियों की संख्या बढ़कर 42,35,911 हो गई है, जबकि पहली तिमाही में 41,37,176 महिलाओं को पेंशन मिली थी। इस तरह एक तिमाही में 98,735 महिला लाभार्थी बढ़ी हैं। दिव्यांगजन पेंशन योजना के लाभार्थियों की संख्या भी 12 लाख से अधिक है। तीनों योजनाओं में कुल लाभार्थियों की संख्या 1.20 करोड़ से अधिक है।
2017 के बाद बढ़ी पेंशन, अब 1500 रुपये करने की तैयारी
वर्ष 2017 के बाद योगी सरकार ने वृद्धावस्था और दिव्यांगजन पेंशन की राशि पहले 500 रुपये और फिर 1000 रुपये प्रतिमाह की। निराश्रित महिला पेंशन भी 500 से बढ़ाकर 1000 रुपये की गई। अब तीनों योजनाओं में पेंशन 1500 रुपये प्रतिमाह करने की तैयारी है। प्रस्ताव लागू होने पर वृद्धावस्था, दिव्यांगजन और निराश्रित महिला पेंशन की राशि 2017 के मुकाबले तीन गुना हो जाएगी।
बढ़ी पेंशन से बुजुर्गों को मिलेगा आर्थिक संबल : असीम अरुण
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बुजुर्गों को आर्थिक संबल देने के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन बढ़ने से 67 लाख से अधिक बुजुर्गों को सीधा लाभ मिलेगा।
दिव्यांगजनों के आर्थिक सशक्तीकरण में मददगार होगी पेंशन वृद्धि : नरेंद्र कुमार कश्यप
दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप ने कहा कि पेंशन में बढ़ोतरी दिव्यांगजनों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी। सरकार उन्हें आर्थिक संबल देने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

