लखनऊ/मेरठ/कानपुर: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से दक्षिणी पश्चिमी मानसून अपने रौद्र रूप में है. पिछले 24 घंटे की बात की जाए तो पूर्वी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई. बुधवार को भी प्रदेश के 55 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
वहीं राजधानी लखनऊ में मंगलवार सुबह 4 बजे से लेकर 6 बजे तक मूसलाधार बारिश हुई. 8:30 बजे तक अमौसी क्षेत्र में 66.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई जो कि लखनऊ में इस सीजन की सबसे अधिक बारिश है.
सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक सबसे अधिक बारिश सुल्तानपुर जिले में 68 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा प्रयागराज में 47 मिली मीटर, अलीगढ़ में 25, मुजफ्फरनगर में 21, बलिया में 13, इटावा में 11, वाराणसी में 15 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.
मूसलाधार बारिश का अलर्ट यहां: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, हमीरपुर और आस पास के क्षेत्रों में चेतावनी जारी की गई है.
भारी बारिश की चेतावनी इन जिलों में अधिक: प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, शामली, बागपत, मेरठ, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, महोबा और आस पास के जिलों में अलर्ट जारी किया गया है.
यूपी में 41% अधिक हुई बारिश: पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश के दोनों संभागों में अनुमानित बारिश 7.01 मिली मीटर के सापेक्ष 10.01 मिली मीटर रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 41% अधिक है. वहीं 1 जून से 4 अगस्त तक अनुमानित बारिश 387 मिलीमीटर के सापेक्ष 281 मिनी रिकॉर्ड की गई जो कि सामान्य से 27 प्रतिशत कम है.
लखनऊ में रेन अलर्ट: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को लखनऊ में भारी बारिश होने की संभावना है. दिन में बादल छाए रहेंगे, कई स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश होगी. अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बस्ती सबसे अधिक गर्म जिला: मंगलवार को बस्ती सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बाराबंकी जिले में 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि सक्रिय मानसून परिस्थितियों के प्रभाव से बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है. जिसके परिणामस्वरूप तापमान में प्रभावी गिरावट आने से उमस से राहत मिलेगी. इसी क्रम में पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ राजधानी लखनऊ की अमौसी वेधशाला में इस सीजन की पहली भारी बारिश (66.6 मिमी.) दर्ज की गई जो कि बुधवार को भी जारी रहने की संभावना है.
कानपुर बना तालाबपुर
शहर में मंगलवार देर रात से शुरू बारिश का सिलसिला बुधवार सुबह तक जारी रहा. शहर के चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि (सीएसए विवि) के मौसम विभाग में सुबह आठ बजे तक 35 मिमी. बारिश रिकार्ड की गई. वहीं, मूसलाधार बारिश होने के चलते कानपुर की सूरत तालाबपुर में बदल गई. मौसम विशेषज्ञ डा.एसएन सुनील पांडेय का कहना था, मानसून की टर्फ लाइन लखनऊ से राजस्थान के बीच बनी हुई है. इसी वजह से गंगा के मैदानी भागों में लगातार बारिश हो रही है. वहीं, बहुत अधिक बारिश होने के चलते शहर के कई मोहल्ले व क्षेत्र पूरी तरह से डूब गए. काकादेव, जेके मंदिर के सामने, आरटीओ मार्ग, गोविंद नगर, किदवई नगर चौराहा समेत अन्य स्थानों पर दो से तीन फीट तक पानी भरा रहा.
मेरठ में मौसम हुआ खुशनुमा
मेरठ में मौसम पल पल बदल रहा है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बारिश की प्रबल संभावना है. सुबह 8 बजे तक तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आज का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. वहीं AQI 35 पर है जो कि एक अच्छी स्थिति है. प्रायः ऐसा मुश्किल ही होता है जब एयर क्वालिटी इंडेक्स ये संकेत दे कि आबोहवा भी अच्छी है. मौसम वैज्ञानिक पीके सिंह के मुताबिक आज से 7 अगस्त तक मेरठ समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भी बारिश का अलर्ट है. वहीं बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री कांवड़ लेकर आ रहे हैं और सावन का ये मनभावन मौसम उन्हें भी मंजिल तय करने में मदद कर रहा है.