गोरखपुर: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने कहा कि उच्च शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और संस्कारित नागरिक तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में करने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं, विशेषकर बेटियों की भूमिका निर्णायक होगी।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी टेक्निकल विश्वविद्यालय बैठक कर भवनों के निर्माण की डिजाइन तैयार करें। साथ ही सुविधाओं और जरुरतों की समीक्षा करने के लिए पांच सदस्यीय समिति बनाए जिसमें छात्रों को भी रखें। साफ सफाई को लेकर राज्यपाल ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यहां नशामुक्त युवा अभियान के उलट कार्य हो रहा है। इसकी गवाही हॉस्टल के कूड़ेदान दे रहे हैं। जनभवन की टीम को निरीक्षण में जो कुछ मिला वह चिंताजनक है। जो कमियां मिली हैं उनको जल्द से जल्द दूर किया जाए।